क्रिकेट में, भारत और अफगानिस्तान के बीच तीसरा और अंतिम वनडे मैच आज दोपहर चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा। मेजबान टीम ने पहले ही 2-0 की बढ़त के साथ सीरीज अपने नाम कर ली है और अब वह तीन मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप करने का लक्ष्य रखेगी। वहीं, तेज गेंदबाज हर्षित राणा घुटने की चोट से उबरने के बाद अंतिम वनडे के लिए भारतीय टीम में शामिल हो गए हैं।
शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम ने धर्मशाला में खेले गए पहले वनडे में सात विकेट से जीत हासिल की। बारिश से प्रभावित यह मैच दोनों टीमों के लिए 25-25 ओवर का कर दिया गया था। इसके बाद भारत ने लखनऊ में खेले गए दूसरे वनडे में कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन के शतकों की बदौलत 170 रनों से आसान जीत दर्ज की।
इससे पहले दौरे में, भारत ने अफगानिस्तान को एकमात्र टेस्ट मैच में तीन दिनों के भीतर एक पारी और 300 रनों से हराया था।