बलरामपुर, 29 मई । जनपद पंचायत कुसमी के ग्राम पंचायत मदगुरी में शुक्रवार काे प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर आवास जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर शामिल हुईं और हितग्राहियों से संवाद किया।
जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर ने कहा कि शासन की मंशा है कि हर पात्र परिवार को पक्का और सुरक्षित आवास मिले। उन्होंने हितग्राहियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवास निर्माण पूरा करने की अपील करते हुए सभी को समय पर निर्माण पूर्ण करने का संकल्प दिलाया।
इस दौरान समय-सीमा में आवास निर्माण पूरा करने वाले हितग्राहियों को सम्मानित भी किया गया। हितग्राहियों ने शासन की योजना के प्रति आभार जताते हुए अन्य लोगों को भी जल्द आवास पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
जन चौपाल के बाद जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम पंचायत मदगुरी में निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। साथ ही हितग्राहियों से चर्चा कर जल्द निर्माण कार्य पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीणजन मौजूद रहे।