IMG-LOGO

पंचायत चुनाव में वोट डालने आएंगे नड्डा, कल शाम पहुंचेंगे बिलासपुर

Posted on: 2026-05-29
IMG
पंचायत चुनाव में वोट डालने आएंगे नड्डा, कल शाम पहुंचेंगे बिलासपुर

बिलासपुर। पंचायत चुनावों के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा 29 मई को अपने गृह जिला बिलासपुर पहुंचेंगे। उनके एक दिवसीय प्रवास का कार्यक्रम जारी हुआ है। भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से उनका यह दौरान काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि नड्डा इस बीच कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सह मीडिया प्रभारी स्वदेश ठाकुर ने बताया कि जेपी नड्डा हर बार की तरह इस बार भी लोकतंत्र के पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अपने गृह क्षेत्र विजयपुर पहुंच रहे हैं।

कार्यक्रम के अनुसार जेपी नड्डा 29 मई को दिल्ली से हवाई मार्ग के जरिए चंडीगढ़ पहुंचेंगे। इसके बाद वह सडक़ मार्ग से शाम करीब छह बजे विजयपुर स्थित अपने निवास पहुंचेंगे। 30 मई की सुबह वह राजकीय प्राथमिक पाठशाला विजयपुर में बनाए गए मतदान केंद्र पर परिवार सहित मतदान करेंगे। सूत्रों के अनुसार, मतदान के बाद नड्डा दिनभर विजयपुर में ही रुकेंगे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं के साथ उनकी मुलाकात का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। शाम करीब छह बजे वह सडक़ मार्ग से चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे, जहां से हवाई मार्ग से दिल्ली लौटेंगे। 

Tags: