धमतरी, 08 मई । धमतरी जिले के कुरूद ब्लाक के ग्राम गुदगुदा में तेंदुआ दिखाई देने की खबर से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम अलर्ट हो गई है और इलाके में लगातार निगरानी करते हुए तेंदुए की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार पिछले तीन-चार दिनों से ग्रामीणों को गांव और आसपास के क्षेत्र में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिल रही थी। कुछ लोगों ने खेतों और कच्चे रास्तों पर तेंदुए के पदचिह्न भी देखे, जिसके बाद मामले की जानकारी वन विभाग को दी गई। पदचिह्न मिलने के बाद विभाग ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि, अब तक तेंदुआ प्रत्यक्ष रूप से नजर नहीं आया है, लेकिन उसके मूवमेंट के संकेत मिले हैं। टीम लगातार संभावित क्षेत्रों में खोजबीन कर रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। विभाग के रेंजर बीके लकरा ने अपील की है कि वे रात के समय अकेले जंगल या सुनसान इलाकों की ओर न जाएं तथा बच्चों और मवेशियों पर विशेष नजर रखें। गर्मी बढ़ने के साथ जिले के विभिन्न हिस्सों में जंगली जानवरों के रिहायशी क्षेत्रों की ओर आने की घटनाएं बढ़ रही हैं। माना जा रहा है कि पानी और भोजन की तलाश में तेंदुआ भी जंगल से बाहर निकलकर गांव की ओर पहुंचा होगा। हालांकि कुरूद क्षेत्र में इस तरह की घटना पहली बार सामने आने से लोगों में भय अधिक देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द तेंदुए को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने की मांग की है। वहीं वन विभाग ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।