मुंबई । आमिर खान प्रोडक्शन्स की आने वाली फिल्म \'एक दिन\' को लेकर काफी चर्चा है। यह एक प्यारी और दिल को छू लेने वाली लव स्टोरी है, जिसका ट्रेलर और संगीत लोगों को काफी पसंद आ रहा है। फिल्म में जुनैद खान एक शर्मीले लड़के का किरदार निभा रहे हैं जिसे साई पल्लवी जैसी कॉन्फिडेंट लड़की से प्यार हो जाता है, लेकिन आमिर खान का मानना है कि यह फिल्म उनके अपने व्यक्तित्व का हिस्सा दिखाती है।
जुनैद खान के किरदार से खुद को जोड़ते हुए आमिर खान ने कहा, \"यह कहानी एक ऐसे लड़के की है जो काफी संकोची है, यानी उसे खुद पर भरोसा नहीं है। उसे लगता है कि वो किसी लड़की से कैसे बात करे। जब मैं 16, 17, 18 साल का था, तो मैं भी ऐसा ही था। मैं बहुत शर्मीला था और मुझे लगता था कि लड़कियां मेरी तरफ ध्यान नहीं देतीं, इसलिए मुझे लगा कि मुझे जीवन में कोई नहीं मिलेगा। फिल्म का हीरो भी यही सोचता है कि कोई लड़की उसे पसंद नहीं करेगी। इसलिए जब मैंने यह कहानी सुनी, तो मुझे लगा कि यह मेरी कहानी है।\"
फिल्म \'एक दिन\' के जरिए आमिर खान और फिल्ममेकर मंसूर खान की मशहूर जोड़ी एक बार फिर साथ आई है। इससे पहले उन्होंने \'कयामत से कयामत तक\', \'जो जीता वही सिकंदर\', \'अकेले हम अकेले तुम\' और \'जाने तू... या जाने ना\' जैसी यादगार फिल्में दी हैं। अब इस फिल्म के साथ वे रोमांस जॉनर में वापस आ रहे हैं, जिसे लेकर फैंस बहुत उत्साहित हैं।
आमिर खान प्रोडक्शन्स की इस फिल्म में साई पल्लवी और जुनैद खान मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है और इसे आमिर खान, मंसूर खान तथा अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म आज 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।