नीति आयोग ने नई दिल्ली में इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक ग्रोथ द्वारा आयोजित \"विकसित भारत के लिए राज्य के वित्त को सुदृढ़ बनाना\" विषय पर पैनल चर्चा में भाग लिया। एक सोशल मीडिया पोस्ट में आयोग ने बताया कि इस कार्यक्रम में सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार डॉ. वी. अनंत नागेश्वरन ने मुख्य भाषण दिया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद की सदस्य डॉ. शमिका रवि, नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक के सलाहकार और पूर्व उप महालेखा परीक्षक श्री जयंत सिन्हा सहित अन्य प्रख्यात वक्ताओं की पैनल चर्चा भी शामिल थी। नीति आयोग ने यह भी कहा कि विचार-विमर्श में उभरती राजकोषीय चुनौतियों से निपटने के लिए संस्थागत सुदृढ़ीकरण, डेटा-आधारित नीतिगत ढांचों को अपनाने और केंद्र-राज्य समन्वय बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया गया। आयोग ने आगे कहा कि चर्चा में इस बात पर जोर दिया गया कि भारत के विकसित भारत के सफर में समावेशी और सतत विकास हासिल करने के लिए राज्य के वित्त को सुदृढ़ करना अत्यंत महत्वपूर्ण है।