सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा का शुभारंभ, 1300 श्रद्धालुओं को लेकर दिल्ली से ट्रेन हुई रवाना
Posted on:
2026-04-30
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा का शुभारंभ, 1300 श्रद्धालुओं को लेकर दिल्ली से ट्रेन हुई रवाना
नई दिल्ली, 30 अप्रैल । दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से गुरुवार को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा का शुभारंभ हुआ। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इस मौके पर दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे। ट्रेन रवाना होने से पहले सभी ने श्रद्धालुओं से भेंट कर उन्हें यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय स्वाभिमान को कालजयी सोमनाथ मंदिर की गौरवगाथा के माध्यम से प्रस्तुत करना है। हमारी आस्था में सद्भावपूर्ण एकता का प्रवाह है।
मुख्यमंत्री गुप्ता ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि देवाधिदेव महादेव की कृपा से आज मुझे दिल्ली के अपने भाई-बहनों को ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-सोमनाथ यात्रा’ पर भेजने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और प्रेरणा से सहस्र वर्ष की अखंड आस्था, पुनर्जागरण और राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रतीक सोमनाथ का यह विशेष पर्व मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत की सांस्कृतिक चेतना को जन-जन से जोड़ने का जो महाअभियान चलाया है, यह यात्रा उसी दृष्टि का सशक्त विस्तार है, जो हमें हमारी सनातन जड़ों से जोड़ते हुए भविष्य की ओर आगे बढ़ाती है। आज यहां से 1300 श्रद्धालुओं को लेकर जा रही यह विशेष ट्रेन शुक्रवार सुबह सोमनाथ पहुंचेगी। एक, दो व तीन मई को सभी श्रद्धालु भगवान शिव के पावन ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगे और आसपास स्थित प्रमुख मंदिरों में भी दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था के लिए गुजरात सरकार का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है। उन्होंने इस भव्य यात्रा के सफल आयोजन के लिए केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, रेल मंत्रालय, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा का आभार व्यक्त किया।