गरियाबंद । माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के अभूतपूर्व निर्णय के तहत संचालित मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना 2026 से गरियाबंद जिले के हजारों उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से न केवल बकाया बिलों का समाधान हुआ, बल्कि उपभोक्ताओं में बिजली व्यवस्था के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है। जिले में कुल 48,660 पात्र उपभोक्ता चिन्हित किए गए, जिनमें 43,351 सक्रिय एवं 5,309 निष्क्रिय उपभोक्ता शामिल हैं। योजना के तहत बड़ी संख्या में लोगों ने आगे आकर लाभ लिया, जिससे कुल 44,265 उपभोक्ता लाभान्वित हुए। इनमें 39,759 सक्रिय तथा 4,506 निष्क्रिय उपभोक्ता शामिल हैं।
योजना के अंतर्गत जिले में कुल 6120 लाख रुपये की बकाया राशि दर्ज थी। इसमें शासन द्वारा 3609.65 लाख रुपये की छूट (प्रस्तावित) प्रदान की गई, जबकि उपभोक्ताओं ने 229.63 लाख रुपये का भुगतान कर राहत प्राप्त की। श्रेणीवार आंकड़ों में बीपीएल उपभोक्ताओं की संख्या सर्वाधिक रही, जिनमें 42,623 उपभोक्ता शामिल हैं। इसके अलावा डीएलएफ श्रेणी के 3,910 एवं कृषि उपभोक्ता 2,127 रहे, जिन्हें योजना के तहत विशेष राहत दी गई।
प्रशासन के अनुसार, इस योजना से निष्क्रिय कनेक्शनों को पुनः सक्रिय करने में भी सफलता मिली है। साथ ही बिजली विभाग के राजस्व में सुधार और व्यवस्था में पारदर्शिता आई है। जिले में योजना का प्रभावी क्रियान्वयन यह दर्शाता है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनहितकारी निर्णयों का लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंच रहा है।