मैनपुर क्षेत्र में ”मोर गांव मोर पानी” अभियान के तहत सोखता गड्ढा निर्माण कार्य में आई गति
गरियाबंद 22 अप्रैल 2026
कलेक्टर श्री बीएस उईके एवं जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर के नेतृत्व में जिले में जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। प्रशासन ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे मैनपुर विकासखण्ड के इस पहल से प्रेरणा लेकर जल संरक्षण के उपाय अपनाएं और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षित करें। जिले में लगातार गिरता भू-जल स्तर अब गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। अनियमित वर्षा, बढ़ते जल दोहन और वर्षा जल के अपर्याप्त संचयन के कारण कई क्षेत्रों में जल स्तर में कमी आ रही है। जिससे भविष्य में पेयजल संकट की आशंका बढ़ गई है। जनपद पंचायत मैनपुर क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों में जल संरक्षण की दिशा में “मोर गांव मोर पानी” अभियान के तहत सोखता गड्ढा निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। जिससे वर्षा के जल को जमीन में समाहित कर भू-जल स्तर को पुनर्भरित करने का प्रयास किया जाएगा।
इनमें ग्राम पंचायत बजाड़ी, मुचबहाल, कोयबा, इंदागांव, हरदीभाटा, गोपालपुर, गुढ़ियारी, धनोरा, अमलीपदर, गोलमाल एवं कोकराझार में स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा सक्रिय भागीदारी निभाते हुए सोखता गड्ढों का निर्माण किया जा रहा है। इस कार्य में महिला समूहों, पशु सखियां, कृषि सखी, सीआरपी, पीआरपी एवं अन्य मैदानी कार्यकर्ताओं की भूमिका सराहनीय है। उल्लेखनीय है कि जिले के अन्य क्षेत्रों में भी इस तरह के कार्य किए जाएं, तो गिरते जल स्तर को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। सोखता गड्ढे वर्षा जल को सीधे जमीन में पहुंचाकर जल संचयन का प्रभावी माध्यम होगा।