सरकार ने आज कहा कि देश में तेल और गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। पश्चिम एशिया संघर्ष पर नई दिल्ली में आयोजित अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि सरकार ने देश में एलपीजी, पीएनजी, पेट्रोल और डीजल की सामान्य आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने आगे कहा कि घरेलू एलपीजी की आपूर्ति सामान्य है और कल 45 लाख से अधिक बुकिंग दर्ज की गईं तथा लगभग 51 लाख घरेलू एलपीजी सिलेंडर वितरित किए गए। उन्होंने यह भी बताया कि कल आठ हजार टन से अधिक व्यावसायिक एलपीजी की बिक्री हुई।
उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) की संयुक्त सचिव निधि केसरवानी ने पश्चिम एशिया संकट के बीच सरकार द्वारा उठाए गए कदमों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन के तहत, विभाग ने ईंधन और गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कई गतिविधियां और सहायक आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि संपीड़ित और प्राकृतिक गैस तथा बायोगैस के अंतर्गत वितरण केंद्रों को लाइसेंस देने की प्रक्रिया में तेजी लाई गई है। सुश्री निधि ने यह भी बताया कि वितरण केंद्रों से संबंधित 467 आवेदनों में से 157 मामलों में अंतिम लाइसेंस जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त, 41 बायोगैस सिलेंडर भरने और भंडारण संयंत्रों को भी मंजूरी दी गई है।