अभिनेता इमरान हाशमी और दिशा पाटनी की बहुप्रतीक्षित फिल्म \'आवारापन 2\' की नई रिलीज तारीख सामने आ गई है। साल 2007 में आई \'आवारापन\' की सफलता के बाद इसके सीक्वल का इंतजार लंबे समय से किया जा रहा था। फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है, जिन्हें \'नोटबुक\' और \'जवानी जानेमन\' जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। पहले यह फिल्म अप्रैल 2026 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी नई तारीख का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है।
विशेष फिल्म्स ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि \'आवारापन 2\' अब 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पोस्ट के साथ लिखा गया, \"इस स्वतंत्रता दिवस वीकेंड खुद को फ्री रखें और 14 अगस्त 2026 को \'आवारापन 2\' के साथ जुड़ें।\" दिलचस्प बात यह है कि फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर सनी देओल की फिल्म \'लाहौर 1947\' से टक्कर मिलेगी, जो एक दिन पहले 13 अगस्त को रिलीज होने जा रही है। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस वीकेंड पर बॉक्स ऑफिस पर बड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
इस सीक्वल में इमरान एक बार फिर अपने चर्चित किरदार शिवम पंडित के रूप में नजर आएंगे। अभिनेता ने बताया कि फिल्म को लेकर पिछले छह साल से चर्चा चल रही थी, क्योंकि पहली फिल्म का अंत शिवम की मौत के साथ हुआ था। इमरान के मुताबिक 2022 में उनकी टीम ने कहानी को आगे बढ़ाने के लिए एक नया विचार तैयार किया, जिसके बाद फिल्म पर काम शुरू हुआ। अब दर्शकों को यह देखने का इंतजार है कि शिवम पंडित की कहानी इस बार किस नए मोड़ के साथ बड़े पर्दे पर लौटती है।