मुंबई, 14 अक्टूबर नितेश तिवारी की आगामी फिल्म \'रामायण\' में यश रावण की भूमिका निभाने जा रहे हैं। उनके लुक को लेकर अभिनेता आर्य बब्बर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। एक हालिया साक्षात्कार में आर्य ने कहा कि यश के रावण वाले रूप में उन्हें फिलहाल कुछ नया नजर नहीं आया। उन्होंने इसकी तुलना यश की फिल्म \'केजीएफ\' के लुक से की। हालांकि, आर्य ने यह भी कहा कि पूरी फिल्म देखने के बाद ही उनके किरदार को लेकर कोई अंतिम राय बनाई जा सकती है।
आर्य बब्बर इन दिनों थिएटर प्ले \'महाबली\' में रावण का किरदार निभा रहे हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने फिल्म \'आदिपुरुष\' में सैफ अली खान के अभिनय का बचाव किया। आर्य के मुताबिक, सैफ ने निर्देशक के नजरिए के अनुसार किरदार निभाया और उसमें अलग तीव्रता लाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि किसी किरदार के चित्रण के लिए केवल अभिनेता को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है। वहीं, यश के लुक पर उन्होंने टिप्पणी की कि उन्हें अभिनेता का नया अंदाज फिल्म \'टॉक्सिक\' में देखने को मिला था।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही \'रामायण\' में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह और विवेक ओबेरॉय भी अहम भूमिकाओं में हैं। नमित मल्होत्रा के निर्माण में बन रही यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। इसका पहला भाग 5 नवंबर को सिनेमाघरों में आएगा।