IMG-LOGO

खारून का रौद्र रूप! महादेव घाट का पुल डूबा, ऊपर से बह रहा 2 फीट पानी

Posted on: 2026-09-26
IMG
खारून का रौद्र रूप! महादेव घाट का पुल डूबा, ऊपर से बह रहा 2 फीट पानी

रायपुर  छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच रायपुर की खारून नदी भी उफान पर है। महादेव घाट पर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से छोटा पुल पूरी तरह पानी में डूब गया है और पुल के ऊपर करीब 2 फीट तक पानी बह रहा है। इसके चलते रायपुर से अमलेश्वर, पाटन, भिलाई और सांकरा की ओर जाने वाला मार्ग बंद कर दिया गया है। वहीं धमतरी के गंगरेल बांध के सभी 14 गेट खोले जाने से महानदी में बड़े पैमाने पर पानी छोड़ा जा रहा है।

पुल के ऊपर से बह रहा पानी, आवाजाही पूरी तरह बंद
महादेव घाट पर खारून नदी का जलस्तर बढ़ने से मुख्य छोटे पुल के ऊपर पानी का तेज बहाव जारी है। हालात को देखते हुए इस मार्ग पर आवागमन रोक दिया गया है। यह रास्ता रायपुर को अमलेश्वर, पाटन और आगे भिलाई-दुर्ग क्षेत्र से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है। महादेव घाट के इसी पुराने पुल के समानांतर नए ओवरब्रिज की योजना भी प्रस्तावित है।

गंगरेल के सभी 14 गेट खुले
लगातार बारिश के बीच धमतरी स्थित गंगरेल बांध के सभी 14 गेट खोल दिए गए हैं। 26 सितंबर की रिपोर्ट के मुताबिक बांध से 2.5 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा जा रहा है। इससे महानदी के किनारे बसे निचले इलाकों में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।

नदी किनारे पहुंच रहे लोग, पुलिस ने दी चेतावनी
खारून नदी का विकराल रूप देखने के लिए महादेव घाट पर लोगों की भीड़ भी जुट रही है। कई लोग पुल और नदी के आसपास खड़े होकर वीडियो और सेल्फी बनाते नजर आ रहे हैं। तेज बहाव के बीच इस तरह नदी के करीब जाना बेहद जोखिम भरा हो सकता है।

पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी, पुल और घाट के आसपास जाने से बचें और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें।

निचले इलाकों में बढ़ा खतरा
लगातार बारिश और जलस्तर बढ़ने से खारून के आसपास के निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़ी टीमें हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

Tags: