IMG-LOGO

स्वच्छता ही सेवा और सेवा संकल्प से गरियाबंद में चलेगा स्वच्छता एवं जनभागीदारी का विशेष अभियान

Posted on: 2026-09-17
IMG
स्वच्छता ही सेवा और सेवा संकल्प से गरियाबंद में चलेगा स्वच्छता एवं जनभागीदारी का विशेष अभियान

गरियाबंद   जिले में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ और ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ को आपसी समन्वय के साथ व्यापक जनभागीदारी के माध्यम से संचालित किया जाएगा। भारत सरकार एवं राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्वच्छ भारत मिशन शहरी 2.0 अंतर्गत नगरीय क्षेत्रों में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक, जबकि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में यह अभियान 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2026 तक विशेष रूप से संचालित होगा। इसके साथ ही पूरे जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियों के साथ आयोजित किया जाएगा। दोनों अभियानों का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता एवं सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देना, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना तथा शासन की जनकल्याणकारी गतिविधियों से आम नागरिकों को जोड़ना है।

नगरीय क्षेत्रों में अभियान के दौरान गंदे एवं कचरा एकत्रीकरण वाले स्थानों तथा स्वच्छता लक्षित इकाइयों की पहचान कर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। उपेक्षित एवं सार्वजनिक स्थलों को चिन्हांकित कर उनकी साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था बेहतर की जाएगी। ‘स्वच्छ पाठशाला-युवा फॉर स्वच्छता’ के तहत विद्यालयीन छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को स्वच्छता गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। स्वच्छता ज्ञान यात्रा, स्वच्छता एवं जल संचय संवाद तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। इसी तरह ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ के तहत सफाई कर्मचारियों एवं स्वच्छताग्रहियों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी तथा उन्हें केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। अभियान में ‘स्वच्छता हेतु जनभागीदारी’ के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के संबंध में नागरिकों को जागरूक किया जाएगा। ‘अब दो नहीं, चार’ के संदेश के साथ घरों एवं संस्थानों में कचरे के चार स्तर पर पृथक्करण को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके अलावा ‘स्वच्छता से समृद्धि’ के तहत पुनर्चक्रण योग्य अनुपयोगी सामग्री से कला-कृतियां एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित करने के साथ प्लास्टिक रिसाइक्लिंग मेला एवं रीयूस रिसाइकल रिड्यूस (आरआरआर) केन्द्रों को सुदृढ़ करने पर भी जोर रहेगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य गांवों में स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी, सामूहिक उत्तरदायित्व एवं व्यवहार परिवर्तन को बढ़ावा देना है। अभियान के तहत गंदे एवं कचरा एकत्रीकरण वाले स्थानों की पहचान एवं सफाई, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखना, सफाई कर्मचारियों एवं स्वच्छताग्रहियों के लिए स्वास्थ्य जांच एवं सम्मान शिविर, वेस्ट टू आर्ट तथा स्वच्छता के प्रति जन -जागरूकता से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

Tags: