IMG-LOGO

गणेश उत्सव में ड्रोन से यातायात और भीड़ पर नजर, रायपुर पुलिस ने की विशेष व्यवस्था

Posted on: 2026-09-17
IMG
गणेश उत्सव में ड्रोन से यातायात और भीड़ पर नजर, रायपुर पुलिस ने की विशेष व्यवस्था

रायपुर, 17 सितंबर  गणेश उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और प्रमुख मार्गों पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।

यातायात पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख गणेश पंडालों, मुख्य मार्गों और उत्सव से जुड़े रास्तों पर ड्रोन के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है।

डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के नेतृत्व में की जा रही इस निगरानी के जरिए भीड़ और यातायात की स्थिति की वास्तविक समय में जानकारी जुटाई जा रही है। इसके आधार पर जाम और अधिक दबाव वाले क्षेत्रों की पहचान कर जरूरत के अनुसार यातायात पुलिस बल की तैनाती और पुनर्स्थापना की जा रही है।

तकनीक से होगी त्वरित निगरानी

ड्रोन के माध्यम से गणेश पंडालों के आसपास भीड़ की स्थिति, प्रमुख मार्गों पर यातायात दबाव और जाम की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा वैकल्पिक मार्गों और डायवर्जन व्यवस्था के प्रभावी संचालन में भी तकनीकी निगरानी का उपयोग किया जा रहा है। किसी आकस्मिक स्थिति में संबंधित मैदानी टीमों के साथ त्वरित समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

समितियों और नागरिकों से सहयोग की अपील

पुलिस ने गणेश उत्सव समितियों और श्रद्धालुओं से पंडालों तथा प्रमुख मार्गों के आसपास अनावश्यक रूप से वाहन खड़े नहीं करने की अपील की है।

समितियों के स्वयंसेवकों से यातायात पुलिस के साथ समन्वय कर भीड़ और वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित रखने का आग्रह किया गया है।

पुलिस ने विशेष रूप से एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए रास्ता खुला रखने की अपील की है।

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि, गणेश उत्सव के दौरान तकनीक और मानव संसाधन के समन्वित उपयोग से श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

Tags: