IMG-LOGO

बाइक लेकर फरार हुआ युवक गिरफ्तार, पुलिस ने वाहन किया जब्त

Posted on: 2026-09-08
IMG
बाइक लेकर फरार हुआ युवक गिरफ्तार, पुलिस ने वाहन किया जब्त

जगदलपुर, 08 सितंबर  बस्तर जिले के परपा थाना क्षेत्र में भरोसे में लेकर बाइक मांगने के बाद उसे वापस नहीं करने के मामले में पुलिस ने मंगलवार काे आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से बाइक भी बरामद कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

परपा थाना पुलिस के अनुसार, 07 अगस्त को केशलूर चौक के पास बैठे एक व्यक्ति से केशलूर निवासी गजेंद्र सेठिया उर्फ गोलू (32) ने अपनी जरूरत बताकर कुछ समय के लिए टीव्हीएस राइडर बाइक (सीजी-17-एलबी-9725) मांगी थी। बाइक मालिक ने भरोसा कर उसे वाहन दे दिया, लेकिन आरोपित बाइक लेकर चला गया और वापस नहीं लौटा।

पीड़ित द्वारा कई बार वाहन लौटाने के लिए कहने के बावजूद आरोपित ने बाइक वापस नहीं की। इसके बाद मामले की शिकायत परपा थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित अपने घर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर गजेंद्र सेठिया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर चोरी गई टीव्हीएस राइडर बाइक बरामद कर जब्त कर ली गई।

पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद मंगलवार को उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Tags: