IMG-LOGO

इंडोनेशिया मास्टर्स सुपर 100: प्रणय ने अंतिम-16 में बनाई जगह, खड़ब और चालीहा भी जीतीं

Posted on: 2026-09-02
IMG
इंडोनेशिया मास्टर्स सुपर 100: प्रणय ने अंतिम-16 में बनाई जगह, खड़ब और चालीहा भी जीतीं

जकार्ता, 02 सितंबर  शीर्ष वरीयता प्राप्त एच. एस. प्रणय ने बुधवार को एक गेम से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए इंडोनेशिया मास्टर्स सुपर 100 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल के अंतिम-16 में जगह बना ली। विश्व के 39वें नंबर के प्रणय ने चीनी ताइपे के लियाओ झुओ-फू को एक घंटे चार मिनट चले मुकाबले में 18-21, 21-15, 21-19 से हराया।

पहला गेम गंवाने के बाद प्रणय ने दूसरे गेम में बेहतर खेल दिखाया और मुकाबला बराबरी पर ला दिया। निर्णायक गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष हुआ लेकिन प्रणय ने दबाव में बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।

प्रणय को शुरुआती दौर में बाई मिली थी। वह आखिरी बार जुलाई के अंत में ताइपे ओपन में खेले थे, जहां उन्हें अंतिम-16 में हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद उन्हें नई दिल्ली में आयोजित बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली थी। अंतिम-16 में प्रणय का सामना चीन के शुआन चेन झू से होगा।

चालीहा और खड़ब भी अंतिम-16 में

महिला एकल में शीर्ष वरीयता प्राप्त अस्मिता चालीहा ने थाईलैंड की पोर्नपिचा चोइकीवोंग को 21-17, 23-21 से हराकर अंतिम-16 में प्रवेश किया। तीसरी वरीयता प्राप्त अनमोल खड़ब ने हांगकांग की लियांग का विंग को 21-17, 21-9 से हराया। वहीं, इलिशा पाल ने हमवतन आकर्षि कश्यप को 21-13, 21-7 से शिकस्त दी।

रोनक और सनीत की भी शानदार जीत

पुरुष एकल में रोनक चौहान ने चीन के यू शुआन लियू को 21-15, 21-18 से हराकर पहले दौर में जीत दर्ज की। इसके बाद अगले दौर में उन्होंने चीनी ताइपे के चेंग-हान त्साई को 23-21, 21-19 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। एक अन्य मुकाबले में सनीत दयानंद ने तीसरी वरीयता प्राप्त चीन के तियान याओ डोंग को 9-21, 21-18, 21-11 से हराकर उलटफेर किया। हालांकि किरण जॉर्ज, सतीश कुमार करुणाकरन, तान्या हेमंत और अन्वेशा गौड़ा को अपने-अपने एकल मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा।

Tags: