IMG-LOGO

आईजी राम गोपाल गर्ग ने ली राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की बैठक

Posted on: 2026-08-22
IMG
आईजी राम गोपाल गर्ग ने ली राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की बैठक

रायगढ़, 22 अगस्त। पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग दो दिवसीय प्रवास पर शन‍िवार को जिला रायगढ़ पहुंचे। पुलिस कार्यालय में कार्यालयीन स्टाफ की बैठक लेकर विभिन्न शाखाओं के कार्यों की समीक्षा की और पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आईजी श्री गर्ग ने कहा कि, जिला पुलिस कार्यालय पुलिसिंग का नियंत्रण केंद्र है और कार्यालय का बेहतर कामकाज सीधे तौर पर पूरे जिले की पुलिसिंग पर प्रभाव डालता है। उन्होंने कार्यालयीन स्टाफ को निर्देशित किया कि फील्ड में कार्यरत अधिकारियों एवं जवानों को मिलने वाले वेतन, देयक, अवकाश तथा कल्याणकारी सुविधाओं का प्राथमिकता के साथ समय पर निराकरण किया जाए।

बैठक के दौरान आईजी श्री गर्ग ने पुलिस कार्यालय की एक-एक शाखा के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने समय-समय पर होने वाले ऑडिट का एसएसपी शशिमोहन द्वारा भौतिक सत्यापन, चिटफंड प्रकरणों में हुई प्रगति, विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों को नियमित रूप से अपडेट रखने तथा पुलिस कार्यालय में प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय वाहनों एवं अन्य शासकीय संपत्तियों के रख-रखाव को भी प्राथमिकता देने को कहा।

निरीक्षण के दौरान आईजी श्री गर्ग ने नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन में सीसीटीएनएस की महत्वपूर्ण भूमिका पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि नए कानूनों के तहत ई-साक्ष्य, ई-समन, ई-फॉरेंसिक तथा अन्य डिजिटल प्रक्रियाओं का संचालन सीसीटीएनएस के माध्यम से किया जा रहा है। उन्होंने कर्मचारियों को इन तकनीकी व्यवस्थाओं का विशेष प्रशिक्षण देने तथा उन्हें इसके प्रभावी उपयोग के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।

आईजी श्री गर्ग ने अपने निरीक्षण के दौरान जिले में प्राप्त शिकायतों एवं उनके निराकरण की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो।

पुलिस कार्यालय के स्टाफ के साथ बैठक के बाद आईजी श्री गर्ग ने जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अनुविभागवार कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराध नियंत्रण तथा पुलिसिंग से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग, अपराधों की रोकथाम तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पत्रकारों से चर्चा करते हुए आईजी राम गोपाल गर्ग ने बताया कि, वे जिले के दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण पर रायगढ़ पहुंचे हैं। रायगढ़ जिला, बिलासपुर रेंज में जिला बिलासपुर के बाद दूसरा सबसे बड़ा जिला है और यहां की पुलिसिंग की चुनौतियां भी अलग हैं। पुलिसिंग में पारदर्शिता, डिजिटल प्रगति और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक मामलों का शत प्रतिशत समयबद्धता निराकरण कराने का आह्वान किया।

उन्होंने जिला रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह की पुलिसिंग और नियंत्रण व्यवस्था की सराहना किया |

Tags: