नई दिल्ली, 18 अगस्त घरेलू शेयर बाजार में आज कारोबार की शुरुआत दबाव के साथ हुई। बाजार खुलने के कुछ देर बाद खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी (दोनों सूचकांक) की चाल में थोड़ी तेजी आई। कुछ देर बाद दोनों बिकवाली की गिरफ्त में आ गए। पहले एक घंटे के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.45 प्रतिशत और निफ्टी 0.32 प्रतिशत की कमजोरी पर रहे।
बीएसई का सेंसेक्स 309.19 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,418.97 अंक के स्तर पर खुला। कुछ देर बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी। इससे यह सूचकांक उछल कर 77,575.21 अंक के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि इस पर वह टिक नहीं सका। कुछ अंतराल बाद बिकवाली का ऐसा दबाव बना कि यह सूचकांक गिरता चला गया। खरीद-बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 346.56 अंक की कमजोरी के साथ 77,381.60 अंक के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।
एनएसई के निफ्टी ने भी 63.80 अंक यानी 0.26 प्रतिशत टूट कर 24,223.85 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। कुछ देर बाद ही लिवाली के सपोर्ट से यह सूचकांक 24,269.65 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद बिकवाली शुरू हो गई और इस सूचकांक की कमजोरी बढ़ती चली गई। सुबह 10:15 बजे निफ्टी 77.15 अंक यानी 0.32 प्रतिशत टूट कर 24,210.50 अंक के स्तर पर आ गया।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,821 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,303 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान पर जबकि 1,518 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान पर आ गए। सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 9 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान पर दिखे। 21 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार करते नजर आए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 22 शेयर हरे निशान में और 28 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आए।
सुबह सवा 10 बजे के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से ग्रासिम इंडस्ट्रीज, अपोलो हॉस्पिटल, अदानी एंटरप्राइजेज, एक्सिस बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर 1.20 प्रतिशत से लेकर 0.74 प्रतिशत की मजबूती के साथ और इंफोसिस, भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स, विप्रो और इंटरग्लोब एविएशन के शेयर 1.69 प्रतिशत से लेकर 1.23 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते नजर आए।
इससे पहले सोमवार को सेंसेक्स 281.09 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 77,728.16 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी ने 78.35 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,287.65 अंक के स्तर पर कारोबार का अंत किया था।