गरियाबंद, 18 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़, खाद्य एवं औषधि प्रशासन आयुक्त के निर्देश पर आगामी रक्षाबंधन त्यौहार को ध्यान में रखते हुए सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन अभियान बने खाबो-बने रहिबो 2.0 के तहत जिले में 23 अगस्त 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त एवं सुरक्षित मिठाई तथा अन्य खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के दौरान मिल्क स्वीट्स के नाम से विक्रय की जाने वाली, किंतु वनस्पति तेल अथवा वनस्पति वसा से तैयार मिठाइयों, अवमानक मिठाइयों तथा बिना लेबल के प्लास्टिक डिब्बों में भ्रामक नामों से विक्रय की जाने वाली मिठाइयों की जांच की जाएगी। इनमें काजू कतली, काजू बर्फी, मगज लड्डु, बर्फी, पेड़ा सहित अन्य नाम से लेबल वाले मिठाइयां शामिल हैं। इसके अलावा सभी अस्थायी एवं स्थायी कन्फेक्शनरी तथा नमकीन निर्माता, थोक एवं फुटकर विक्रेता, होटल, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड इकाइयों का भी सघन निरीक्षण किया जाएगा।
इसी प्रकार 17 अगस्त को जिला मुख्यालक के विभिन्न होटल एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। खाद्य कारोबारियों को मिलावटी, अमानक, मिथ्याछाप एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए गए। मिठाइयों के निर्माण के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के लिए भी निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।