ऋषभ पंत के उत्तराखंड में घर बनाने के लिए मदद मांगने पर धामी ने कहा, हरसंभव सहयोग मिलेगा
Posted on:
2026-08-08
ऋषभ पंत के उत्तराखंड में घर बनाने के लिए मदद मांगने पर धामी ने कहा, हरसंभव सहयोग मिलेगा
देहरादून, 08 अगस्त। क्रिकेटर ऋषभ पंत ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने गृह राज्य उत्तराखंड में अपना पहला घर बनाने की इच्छा जताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद मांगी है। उनके इस अनुरोध पर मुख्यमंत्री धामी ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
ऋषभ पंत ने मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने के लिए सम्मान और उपहार मिलना निश्चित रूप से सुखद है, लेकिन उनकी इच्छा है कि सरकार उन्हें अपने गृह राज्य में जमीन अथवा संपत्ति खरीदने में सहयोग करे, ताकि वह उत्तराखंड में अपना पहला घर बना सकें। पंत के मुताबिक वह पिछले करीब तीन वर्षों से राज्य में अपने लिए उपयुक्त जमीन तलाश रहे हैं और अब इस मामले में उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है।
पंत की अपील पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें उत्तराखंड का गौरव बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों के माध्यम से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी मातृभूमि के प्रति पंत का प्रेम और उत्तराखंड लौटकर यहां योगदान देने की भावना सराहनीय है।
मुख्यमंत्री ने पंत को भरोसा दिलाया कि उनके द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है। अधिकारी शीघ्र ही उनसे संपर्क कर नियमानुसार हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे।
ऋषभ पंत का उत्तराखंड से गहरा जुड़ाव रहा है। राज्य से निकल कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहचान बनाने वाले पंत ने कई मौकों पर उत्तराखंड के प्रति अपने लगाव को सार्वजनिक रूप से व्यक्त किया है। अब अपने गृह राज्य में स्थायी घर बनाने की उनकी इच्छा ने इस जुड़ाव को एक नया आयाम दिया है।
पंत की ओर से मुख्यमंत्री से मदद मांगे जाने और सरकार की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद अब निगाहें इस बात पर हैं कि संबंधित विभाग उनके लिए जमीन या संपत्ति खरीदने की प्रक्रिया में किस प्रकार नियमानुसार सहयोग करता है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से अधिकारियों को दिए गए निर्देश के बाद इस मामले में आगे की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।