IMG-LOGO

रेलवे ने मध्य प्रदेश में प्रतिदिन चलने वाली इटारसी-मदन महल पैसेंजर सेवा शुरू करने को दी मंजूरी

Posted on: 2026-08-08
IMG
रेलवे ने मध्य प्रदेश में प्रतिदिन चलने वाली इटारसी-मदन महल पैसेंजर सेवा शुरू करने को दी मंजूरी

नई दिल्ली, 08 अगस्त। भारतीय रेलवे ने मध्य प्रदेश में रेल संपर्क को मजबूत करने के लिए इटारसी और मदन महल के बीच दैनिक पैसेंजर ट्रेन सेवा शुरू करने को मंजूरी दी है। ट्रेन संख्या 51673/51674 इटारसी-मदन महल पैसेंजर के संचालन से इटारसी-जबलपुर क्षेत्र के यात्रियों को सस्ती और सुविधाजनक दैनिक रेल सेवा उपलब्ध होगी।

रेल मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार ट्रेन संख्या 51673 इटारसी-मदन महल पैसेंजर इटारसी जंक्शन से सुबह 11:40 बजे रवाना होकर शाम 4:45 बजे मदन महल पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 51674 मदन महल-इटारसी पैसेंजर शाम 5:50 बजे मदन महल से चलेगी और रात 10:55 बजे इटारसी जंक्शन पहुंचेगी।

यह दैनिक पैसेंजर सेवा 242 किलोमीटर की दूरी करीब पांच घंटे पांच मिनट में तय करेगी। ट्रेन का ठहराव बागरा तवा, सोहागपुर, पिपरिया, बनखेड़ी, सालीचौका रोड, गाडरवारा, करेली, नरसिंहपुर और श्रीधाम में होगा। इससे इन स्टेशनों और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिल सकेगी।

यह सेवा केवल इटारसी और जबलपुर के बीच आवागमन तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। इससे जबलपुर-नर्मदापुरम क्षेत्र के छोटे शहरों और स्टेशनों को दैनिक और किफायती रेल संपर्क मिलेगा।

यह सेवा विशेष रूप से मध्यम वर्ग, अनारक्षित और कम दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए उपयोगी होगी। इससे रोजगार, शिक्षा, चिकित्सा, व्यापार और धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान होने के साथ ही इटारसी से देश के अन्य हिस्सों के लिए आगे की रेल यात्रा के विकल्प भी बेहतर होंगे।

रेलवे ने उम्मीद जताई है कि नई दैनिक पैसेंजर सेवा से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में सुधार होगा और दैनिक यात्रियों समेत अन्य यात्रियों को सुविधाजनक एवं किफायती परिवहन विकल्प मिलेगा। साथ ही, इससे मध्य प्रदेश में रेल परिवहन नेटवर्क और मजबूत होगा।

Tags: