IMG-LOGO

विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप: आशीष यादव ने भाला फेंक में जीता रजत

Posted on: 2026-08-08
IMG
विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप: आशीष यादव ने भाला फेंक में जीता रजत

यूजीन, ओरेगन, 08 अगस्त।
भारत के आशीष यादव ने शुक्रवार को विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप 2026 में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश का खाता खोला। आशीष ने फाइनल में 74.09 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया।

आशीष ने अपने तीसरे प्रयास में 74.09 मीटर भाला फेंककर पोडियम स्थान सुनिश्चित किया। वह विश्व अंडर-20 चैंपियनशिप में भाला फेंक में पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय बन गए हैं। उनसे पहले नीरज चोपड़ा ने 2016 में स्वर्ण पदक जीता था।

दक्षिण अफ्रीका के जान-हेन्ड्रिक हेमन्स ने 80.50 मीटर के शानदार प्रयास के साथ स्वर्ण पदक जीता। यह इस सत्र में किसी अंडर-20 खिलाड़ी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। हेमन्स ने अपने पहले ही प्रयास में बढ़त हासिल कर ली थी और हर राउंड के साथ अपना प्रदर्शन बेहतर करते हुए पहली बार 80 मीटर से अधिक की दूरी हासिल की।

आशीष की शुरुआत हालांकि धीमी रही। उनके पहले दो प्रयास 70 मीटर की दूरी भी पार नहीं कर सके। लेकिन तीसरे प्रयास में उन्होंने लय हासिल करते हुए 74.09 मीटर की दूरी तय की और अपने करियर का सबसे बड़ा पदक अपने नाम कर लिया।

कॉमनवेल्थ ऑफ डोमिनिका के एडिसन जेम्स ने 73.89 मीटर के प्रयास के साथ कांस्य पदक जीता।

प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले दूसरे भारतीय टी. धरनीधरन 72.35 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ छठे स्थान पर रहे।

Tags: