IMG-LOGO

बंगाल, असम में भाजपा निर्णायक बढ़त की ओर, प्रधानमंत्री शाम को पहुंचेंगे पार्टी मुख्यालय

Posted on: 2026-05-04
IMG
बंगाल, असम में भाजपा निर्णायक बढ़त की ओर, प्रधानमंत्री शाम को पहुंचेंगे पार्टी मुख्यालय

नई दिल्ली, 04 मई । पश्चिम बंगाल, असम, पुडुचेरी समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मतगणना के शुरुआती चरण से ही पश्चिम बंगाल और असम में निर्णायक बढ़त बनाए हुए है। भाजपा मुख्यालय में जश्न का माहौल है।पिछले हर चुनाव की तरह इस बार भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शाम को पार्टी मुख्यालय जाएंगे और कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों को संबोधित करेंगे। पार्टी मुख्यालय में उनकेस्वागत की तैयारी जोरशोर से चल रही है।

पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों के रूझान को देखते हुए भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही पार्टी मुख्यालय में ढोल-नगाड़े के साथ जश्न मना रहे हैं।आतिशबाजी भी की जा रही है। मुख्यालय में प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारी चल रही है। पार्टी के एक पदाधिकारी के मुताबिक इस ऐतिहासिक जीत पर शाम साढ़े छह बजे प्रधानमंत्री मोदी मुख्यालय पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों को संबोधित करेंगे।

मुख्यालय में झालमुड़ी, रसगुल्ला और मिठी दही (मिष्टी दोई) भी बांटी जा रही है। इसी बीच एक ऐसे कार्यकर्ता भी दिखे जो ममता बनर्जी के भेष में मुख्यालय परिसर में विचरण कर रहे थे।उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में साल 2011 से अब तक लगातार तृणमूल कांग्रेस की सरकार रही और ममता बनर्जी राज्य की मुख्यमंत्री। भाजपा अब वहां पहली बार सरकार बनाती नजर आ रही है।

Tags: