IMG-LOGO

गरियाबंद : जिला पंचायत की सामान्य सभा बैठक आयोजित

Posted on: 2026-04-23
IMG
गरियाबंद : जिला पंचायत की सामान्य सभा बैठक आयोजित

विकास कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा
मूलभूत सुविधाओं में सुधार हेतु अधिकारियों को निर्देश

गरियाबंद, 23 अप्रैल 2026

जिला पंचायत के सभाकक्ष में आज जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गौरीशंकर कश्यप की अध्यक्षता में सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रखर चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्यों में संजय नेताम, लोकेश्वरी नेताम, शिवांगी चतुर्वेदी, इंद्रजीत महाड़िक, लेखराज धुर्वा, नंदनी साहू, जनपद पंचायत छुरा की अध्यक्ष श्रीमती मीरा ठाकुर, विधायक प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री प्रखर चंद्राकर द्वारा शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी गई। ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत गांव स्तर पर उपलब्ध दुर्लभ धरोहरों, पुरानी स्मृतियों एवं हस्तलिखित लिपियों का संरक्षण सुनिश्चित करने हेतु सचिवों को संबंधित जानकारी फोटो के माध्यम से प्रेषित करने के निर्देश दिए गए। मोर गॉव मोर पानी अभियान अंतर्गत जल संरक्षण का संदेश दिया। लंबित मुख्यमंत्री आवास योजना अंतर्गत राशि भुगतान के संबंध में विभाग को अवगत कराने के लिए निर्देशि किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री कश्यप ने अपूर्ण आंगनबाड़ी केंद्रों एवं आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने वनांचल क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, राशन वितरण जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता से सुदृढ़ करने को कहा। विद्युत विभाग को मुख्यमंत्री बिजली भुगतान समाधान योजना के अंतर्गत शिविर लगाकर सक्रिय एवं निष्क्रिय उपभोक्ताओं को लाभान्वित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सदस्यों श्री संजय नेताम एवं श्रीमती मीरा ठाकुर द्वारा देवभोग एवं छुरा क्षेत्र में लो-वोल्टेज, ग्रीष्मकालीन विद्युत कटौती एवं जलापूर्ति बाधित होने की समस्याओं से अवगत कराया गया। आदिवासी स्वीकृत आश्रमों के निर्माण, मरम्मत, अहाता निर्माण, स्नानागार एवं शौचालय निर्माण, अतिरिक्त कक्ष, किचन शेड, अधीक्षक आवास तथा सौर ऊर्जा से पेयजल उपलब्धता से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा भी की गई।
जल जीवन मिशन के तहत 666 ग्रामों में स्वीकृत योजनाओं की प्रगति, अपूर्ण कार्यों, बोर खनन, हैंडपंप सुधार, पाइपलाइन विस्तार एवं घरेलू नल कनेक्शन की स्थिति पर विभागीय अधिकारियों द्वारा जानकारी प्रस्तुत की गई। पीएम जनमन योजना एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन एवं पूर्ण सड़कों की समीक्षा भी की गई।

सदस्य श्रीमती लोकेश्वरी नेताम ने क्रेडा परिसर में प्रस्तावित पुस्तकालय निर्माण हेतु स्थान परिवर्तन का सुझाव दिया। सदस्य श्री संजय नेताम ने 13 स्थानों पर संचालित सौर आधारित विद्युत इकाइयों में सुधार, नई बैटरी स्थापना एवं क्षमता वृद्धि की आवश्यकता बताई। उन्होंने मैनपुर क्षेत्र के मुड़गेलमाल, धौराझोला एवं साहीडोंगरी के 200 से अधिक किसानों को छैलाडैम एवं केनाल निर्माण से प्रभावित होने पर अतिरिक्त मुआवजा राशि प्रदान करने की मांग रखी।
सदस्य इंद्रजीत महाड़िक ने अवैध रेत खनन पर नियमानुसार कार्यवाही करने तथा मुरमुरा से कसेरूडीह तक कच्ची नाली माइनर 220 को पक्का करने की मांग की। क्षेत्र में निर्माणाधीन एनिकेट को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
खाद्य विभाग द्वारा राशन वितरण में केवाईसी से संबंधित समस्या उठाते हुए सदस्यांे-श्रीमती शिवांगी चतुर्वेदी, ज.प. अध्यक्ष मीरा ठाकुर एवं नंदनी साहू ने बताया कि आमजनों को 3 से 5 माह तक राशन उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इ-केवाईसी की जटिलता दूर करने हेतु सरल विकल्प उपलब्ध कराने को कहा।
समाज कल्याण विभाग अंतर्गत लंबित वृद्धा एवं दिव्यांग पेंशन को सॉफ्टवेयर अपग्रेडेशन उपरांत शीघ्र जारी किए जाने की जानकारी दी गई। मनरेगा के तहत श्रमिकों को समय पर मजदूरी भुगतान, सर्वर समस्या, ऑनलाइन स्थान चयन, चेहरा पहचान एवं ई-केवाईसी संबंधी समस्याओं का जिला स्तर पर तत्काल निराकरण करने के निर्देश प्रदान किए गए।
 

Tags: