IMG-LOGO

प्रधानमंत्री आज भूपेन हजारिका जन्म शताब्दी समारोह के समापन में होंगे शामिल, उषा मंगेशकर को देंगे राष्ट्रीय पुरस्कार

Posted on: 2026-11-29
IMG

नई दिल्ली/गुवाहाटी, 29 नवंबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को नई दिल्ली में महान असमिया गायक एवं संगीतकार भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी के समापन समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे वरिष्ठ गायिका उषा मंगेशकर को \'डॉ. भूपेन हजारिका राष्ट्रीय पुरस्कार\' प्रदान करेंगे।

समारोह का आयोजन आज शाम छह बजे भारत मंडपम में होगा। प्रधानमंत्री मोदी कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे। पुरस्कार के तहत 10 लाख रुपये की नकद राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान प्रत्येक तीन वर्ष में एक बार दिया जाएगा।

असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने पहले ही जानकारी दी थी कि उषा मंगेशकर पुरस्कार स्वीकार करने के लिए सहमत हो गई हैं। उन्होंने पुष्टि की थी कि प्रधानमंत्री इस समारोह में उन्हें सम्मानित करेंगे।

प्रधानमंत्री की उपस्थिति के साथ भूपेन हजारिका की 100वीं जयंती के उपलक्ष्य में वर्षभर आयोजित कार्यक्रमों का राष्ट्रीय स्तर पर समापन होगा। इन समारोहों की शुरुआत 8 सितंबर, 2025 को गुवाहाटी में हुई थी। इस दौरान संगीत, साहित्य, सिनेमा और समाज के क्षेत्र में हजारिका के योगदान को रेखांकित करने वाले कई कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री मोदी भी शामिल हुए थे।

भूपेन हजारिका का जन्म 8 सितंबर, 1926 को असम के सदिया में हुआ था। वे गायक, संगीतकार, गीतकार, फिल्म निर्माता, लेखक और पत्रकार थे। उन्होंने असम और पूर्वोत्तर की लोक परंपराओं तथा सांस्कृतिक पहचान को अपने कार्यों के माध्यम से देश और विदेश के दर्शकों तक पहुंचाया।

\'सुधाकंठ\' और \'ब्रह्मपुत्र के कवि\' के नाम से लोकप्रिय हजारिका ने अपने संगीत के माध्यम से सामाजिक समानता, मानवीय गरिमा, भाईचारे और आम लोगों के जीवन से जुड़े विषयों को प्रमुखता दी।

भारतीय संगीत एवं सिनेमा में उनके योगदान के लिए उन्हें दादा साहब फाल्के पुरस्कार सहित कई सम्मान प्रदान किए गए। वर्ष 2019 में उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया।

रविवार को आयोजित समापन समारोह में राष्ट्रीय और राज्य स्तर के कई कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। इसके साथ ही भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी के अवसर पर वर्षभर चले समारोहों का समापन होगा।

Tags: