अमेरिकी नियामक फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन (FCC) ने एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स को अंतरिक्ष में डेटा सेंटर के रूप में काम करने वाले 10 लाख तक सैटेलाइट तैनात करने की मंजूरी दे दी है। इन सैटेलाइट के जरिए अंतरिक्ष में ही डेटा प्रोसेस किया जा सकेगा, जिसका इस्तेमाल पृथ्वी पर किया जाएगा। इस परियोजना का उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के लिए बढ़ती कंप्यूटिंग जरूरतों को पूरा करना है।
FCC के अनुसार, प्रस्तावित ‘स्टारमाइंड’ नेटवर्क अंतरिक्ष में डेटा सेंटर स्थापित करने की दिशा में अमेरिका को मिली पहली ऐसी मंजूरी है। हालांकि, इस अनुमति का मतलब यह नहीं है कि सैटेलाइट लॉन्च हो चुके हैं। यह केवल नेटवर्क को तैनात करने की मंजूरी है।
इन सैटेलाइट के बीच डेटा का आदान-प्रदान ऑप्टिकल लिंक के जरिए होगा, जबकि रेडियो लिंक का इस्तेमाल बैकअप और आपातकालीन संचार के लिए किया जाएगा। FCC ने कहा कि यह प्रणाली अंतरिक्ष में मलबे से जुड़े उसके नियमों के अनुरूप है।
FCC के चेयरमैन ब्रेंडन कैर ने कहा कि अमेरिका सुपर इंटेलिजेंस के दौर में दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में देश इस तकनीक के जरिए निवेश, नए अवसर और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष में कंप्यूटिंग क्षमता विकसित करने से अमेरिका की तकनीकी और आर्थिक बढ़त मजबूत होगी।
FCC ने यह भी बताया कि अंतरिक्ष में डेटा सेंटर स्थापित करने से जुड़े अन्य प्रस्तावों की भी समीक्षा की जा रही है। इन पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत जल्द फैसला लेने की योजना है।
हालांकि, इस परियोजना को लेकर खगोलविदों ने चिंता जताई है। अमेरिकन एस्ट्रोनॉमिकल सोसायटी ने इस मंजूरी पर निराशा जताते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में सैटेलाइट अंतरिक्ष में स्थापित होने से खगोलीय शोध प्रभावित हो सकता है और रात के आसमान का स्वरूप बदल सकता है।
सोसायटी के मुताबिक, बड़ी संख्या में सैटेलाइट लंबे समय तक चमकते रह सकते हैं, जिससे दूरबीनों के जरिए आकाश का अध्ययन करना मुश्किल होगा। इसके अलावा, सैटेलाइट से निकलने वाला रेडियो उत्सर्जन और कंप्यूटिंग उपकरणों की गर्मी रेडियो और इन्फ्रारेड खगोल विज्ञान को प्रभावित कर सकती है।
सोसायटी ने अंतरिक्ष में सैटेलाइट के बीच टकराव और उनके लॉन्च तथा पृथ्वी के वायुमंडल में दोबारा प्रवेश के दौरान होने वाले प्रदूषण को लेकर भी चिंता जताई है। उसका कहना है कि इस परियोजना से खगोलीय वेधशालाओं में दशकों से किए गए सरकारी निवेश और आम लोगों की रात के आसमान को देखने की क्षमता पर असर पड़ सकता है।
अमेरिकन एस्ट्रोनॉमिकल सोसायटी ने माना कि स्पेसएक्स ने पहले अपने स्टारलिंक सैटेलाइट के डिजाइन में बदलाव कर खगोलीय शोध पर उनके प्रभाव को कम करने की कोशिश की थी। इससे कुछ सुधार हुआ, लेकिन समस्याएं पूरी तरह खत्म नहीं हुईं। सोसायटी के अनुसार, 10 लाख सैटेलाइट का प्रस्ताव पहले के प्रयासों से कहीं बड़े स्तर का है।
सोसायटी के अनुसार, मंजूरी की शर्तों के तहत स्पेसएक्स को 2033 तक सैटेलाइट तैनात करने का काम शुरू करना होगा। 2035 तक कक्षा में 1 लाख सैटेलाइट स्थापित करने होंगे, जबकि पूरे नेटवर्क को 2040 तक तैनात करने का लक्ष्य है।
सोसायटी ने मार्च में FCC से इस प्रस्ताव को खारिज करने की अपील की थी। उसने उम्मीद जताई कि स्पेसएक्स इस परियोजना के प्रभावों को लेकर नेशनल साइंस फाउंडेशन के साथ मिलकर काम करेगा। साथ ही, उसने मंजूरी में औपचारिक समन्वय की अनिवार्य शर्तें नहीं होने पर चिंता जताई।