जोहानसबर्ग, 26 नवंबर। दक्षिण अफ्रीका को बांग्लादेश के आगामी सीमित ओवरों के दौरे से पहले बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएट्जी और क्वेना मफाका चोट के कारण वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय टीमों से बाहर हो गए हैं।
कोएट्जी को नॉर्थ वेस्ट ड्रैगन्स के खिलाफ प्रथम श्रेणी सीरीज के मुकाबले में लायंस की ओर से खेलते हुए जांघ की मांसपेशियों में चोट लगी। उन्हें बांग्लादेश दौरे के वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय, दोनों चरणों के लिए टीम में चुना गया था।
दाएं पैर की हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रहे मफाका को अभ्यास के दौरान फिर झटका लगा। इसके बाद उन्हें टी-20 अंतरराष्ट्रीय टीम के साथ इंग्लैंड लायंस के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका ए की एकदिवसीय टीम से भी बाहर कर दिया गया है।
इन बदलावों के बाद टियान वान वुरेन को पहली बार दक्षिण अफ्रीका की वनडे टीम में जगह मिली है। ईथन बॉश और बिना अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाले तेज गेंदबाज जेजे बासोन को टी-20 अंतरराष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है।
इसके अलावा इंग्लैंड लायंस के खिलाफ सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका ए की टीम में बायांडा मोजोला और ओकुहले सेले को जगह दी गई है।