IMG-LOGO

ट्राई ने नेटवर्क अनुभव प्लेटफॉर्म शुरू किया, उपभोक्ताओं को मिलेगी क्षेत्रवार नेटवर्क गुणवत्ता की जानकारी

Posted on: 2026-11-04
IMG

नई दिल्ली, 04 नवंबर । भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने बुधवार को नेटवर्क अनुभव प्लेटफॉर्म शुरू किया। इस भौगोलिक एवं विश्लेषणात्मक डैशबोर्ड के जरिए उपभोक्ता अपने क्षेत्र में मोबाइल और फिक्स्ड ब्रॉडबैंड की इंटरनेट गति, कॉल गुणवत्ता और नेटवर्क कवरेज से जुड़ी जानकारी देख सकेंगे। प्लेटफॉर्म पर ट्राई के स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट और माईस्पीड तथा माईकॉल ऐप के जरिए उपभोक्ताओं द्वारा किए गए परीक्षणों के नतीजे उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही अवांछित व्यावसायिक संदेशों की शिकायत और डीएनडी सेवाओं के लिए वेब इंटरफेस भी उपलब्ध कराया गया है।

ट्राई के अनुसार, प्लेटफॉर्म पर भौगोलिक मानचित्रों के जरिए उपभोक्ता सेवा प्रदाता और तकनीक के आधार पर नेटवर्क परीक्षण के नतीजे देख सकेंगे। इसमें डाउनलोड और अपलोड गति सहित विभिन्न मानकों की जानकारी मिलेगी। उपयोगकर्ता मानचित्र को बड़ा करके अलग-अलग स्थानों पर किए गए परीक्षणों के नतीजे देख सकते हैं। इसके लिए फिल्टर, तालिकाएं और रिपोर्ट डाउनलोड करने की सुविधा भी दी गई है।

प्लेटफॉर्म पर उपभोक्ताओं के परीक्षणों के आधार पर पी50, पी80 और पी90 मानक भी प्रदर्शित किए जाएंगे। पी50 का अर्थ है कि आधे परीक्षणों में दर्ज गति इस मान या इससे अधिक रही। मोबाइल ब्रॉडबैंड के लिए पी80 का अर्थ है कि 80 प्रतिशत परीक्षणों में दर्ज गति इस स्तर या इससे अधिक रही। वहीं, फिक्स्ड ब्रॉडबैंड के लिए पी90 का मतलब है कि 90 प्रतिशत परीक्षणों में दर्ज गति इस स्तर या इससे अधिक रही।

ट्राई ने बताया कि उपभोक्ताओं के परीक्षणों पर आधारित ये आंकड़े नेटवर्क गुणवत्ता का व्यापक और मानक पद्धति से किया गया आकलन नहीं हैं। हालांकि, इनसे उपभोक्ताओं को अलग-अलग स्थानों पर अन्य उपयोगकर्ताओं के नेटवर्क अनुभव की जानकारी मिलेगी। डैशबोर्ड पर स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट के नतीजे भी भौगोलिक मानचित्रों के माध्यम से देखे जा सकेंगे।

दूरसंचार सेवा प्रदाता सुरक्षित इंटरफेस के जरिए उपभोक्ताओं के कॉल गुणवत्ता, नेटवर्क कवरेज और इंटरनेट परीक्षणों का डेटा देख सकेंगे। इसमें स्थान, तारीख, समय और तकनीकी मानकों की जानकारी उपलब्ध होगी। इससे कंपनियां नेटवर्क में सुधार के लिए उन क्षेत्रों की पहचान कर सकेंगी, जहां आगे विश्लेषण की जरूरत है। ट्राई भी इस डेटा का इस्तेमाल उपभोक्ताओं के नेटवर्क अनुभव की निगरानी और नेटवर्क प्रदर्शन में सुधार के लिए कर सकेगा।

ट्राई का माईस्पीड सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट किट (एसडीके) पात्र थर्ड पार्टी ऐप को इंटरनेट कनेक्टिविटी मापने की सुविधा अपने ऐप में जोड़ने की अनुमति देता है। इससे अधिक उपयोगकर्ताओं के परीक्षणों को प्लेटफॉर्म से जोड़ने में मदद मिलेगी।

इस प्लेटफॉर्म के जरिए उपभोक्ता अवांछित व्यावसायिक संचार के लिए अपनी पसंद दर्ज करा सकेंगे, शिकायत कर सकेंगे और शिकायत की स्थिति देख सकेंगे। इसके अलावा वे शिकायतों की समेकित और सेवा प्रदाता के आधार पर जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।

इस अवसर पर ट्राई के अध्यक्ष अनिल कुमार लाहोटी ने कहा कि नेटवर्क अनुभव प्लेटफॉर्म उपभोक्ताओं और ट्राई द्वारा किए गए नेटवर्क परीक्षणों में पारदर्शिता बढ़ाएगा। इससे उपभोक्ता स्थान और सेवा प्रदाता के आधार पर परीक्षणों का विश्लेषण कर सकेंगे। दूरसंचार कंपनियों को नेटवर्क सुधार के लिए क्षेत्रों की पहचान करने में मदद मिलेगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से माईस्पीड और माईकॉल ऐप के जरिए नियमित रूप से परीक्षण करने की अपील की।

Tags: