IMG-LOGO

एशियन खेल : सुजीत की शानदार वापसी, 65 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती में जीता स्वर्ण

Posted on: 2026-10-02
IMG
एशियन खेल : सुजीत की शानदार वापसी, 65 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती में जीता स्वर्ण

नागोया, 02 अक्टूबर   भारतीय पहलवान सुजीत कलकल ने शुक्रवार को एशियाई खेल-2026 में पुरुषों की 65 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया है। फाइनल में सुजीत ने ताजिकिस्तान के अब्दुलमजीद कुडिएव को 10-9 से हराया। मुकाबले में एक समय 2-9 से पीछे चल रहे सुजीत ने लगातार 8 अंक हासिल करते हुए शानदार वापसी की।

सुजीत ने स्वर्ण पदक की राह में कई मजबूत प्रतिद्वंद्वियों को हराया। उन्होंने अभियान की शुरुआत अफगानिस्तान के सैयद उमर जाजई के खिलाफ 13-3 की तकनीकी श्रेष्ठता की जीत से की। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने ईरान के अब्बास इब्राहिमजादेसवादकौही को बिना कोई अंक गंवाए तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हराया।

सेमीफाइनल में सुजीत का सामना जापान के ओलंपिक चैंपियन कोटारो कियोका से हुआ। कड़े मुकाबले में सुजीत ने 3-3 की बराबरी के बाद मानदंड के आधार पर जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई।

23 वर्षीय सुजीत के लिए यह पहला एशियाई खेल स्वर्ण पदक है। वह एशियाई खेलों में पुरुषों की 65 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती में स्वर्ण जीतने वाले भारत के तीसरे पहलवान बन गए हैं। उनसे पहले योगेश्वर दत्त ने 2014 और बजरंग पूनिया ने 2018 में इस वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। यह 2026 एशियाई खेलों में कुश्ती में भारत का पहला स्वर्ण पदक भी है।

हरियाणा के इमलोटा गांव के रहने वाले सुजीत का जन्म 5 नवंबर, 2002 को हुआ। उनके पिता दयानंद कलकल राष्ट्रीय स्तर के पहलवान रह चुके हैं। सुजीत ने गांव के अखाड़े से कुश्ती की शुरुआत की और 2021 में सोनीपत जाकर अनुभवी पहलवानों के साथ प्रशिक्षण लिया।

सुजीत ने 2022 में अंडर-23 और अंडर-20 एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद उन्होंने ट्यूनिस में यूडब्ल्यूडब्ल्यू रैंकिंग सीरीज में स्वर्ण पदक हासिल किया। 2025 में उन्होंने अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप और अंडर-23 एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। 2026 में वरिष्ठ एशियाई चैंपियनशिप के 65 किग्रा वर्ग का खिताब जीतकर उन्होंने अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

Tags: