IMG-LOGO

थुलथुली मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियाें के समर्थन में कथित वीडियाे जारी

Posted on: 2026-09-07
IMG
थुलथुली मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियाें के समर्थन में कथित वीडियाे जारी


जगदलपुर, 07 सितंबर छत्तीसगढ़ बस्तर संभाग में नक्सलवाद के खात्में के बाद इन दिनाें सोशल मीडिया पर कथित तौर पर नक्सली विचारधारा के समर्थन में एक वीडियो सामने आने का मामला चर्चा में है। वीडियो में थुलथुली मुठभेड़ में मारे गए नक्सली कैडरों को कथित तौर पर ‘शहीद’ के रूप में पेश किया गया है। साथ ही मारे गए कैडरों की गतिविधियों को महिमामंडित करने का प्रयास किया गया है।

सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में थुलथुली मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों का उल्लेख किया गया है। इनमें मारे गये नक्सली कैडर नीति सहित कुछ अन्य नक्सली कमांडरों को वीडियो के जरिए उनके अतीत की गतिविधियों को दिखाने का प्रयास किया गया है। वीडियो में नक्सली विचारधारा और सशस्त्र हिंसा से जुड़े लोगों का महिमामंडन किया गया है। वीडियो किस अकाउंट से पोस्ट किया गया और इसे तैयार करने या प्रसारित करने के पीछे कौन लोग हैं, इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है। संभवत: मामले में वीडियो और संबंधित पोस्ट की तकनीकी जांच के साथ उसके स्रोत का पता लगाने की कार्रवाई की जा सकती है। बस्तर से सुरक्षाबलाें की कार्रवाई एवं पुनर्वास प्रयासों के बाद नक्सलवाद का लगभग खात्मा हो गया है, ऐसे में सोशल मीडिया के माध्यम से नक्सली गतिविधियों और विचारधारा को बढ़ावा देने वाला वीडियाे सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मामला है। इस संबध में बस्तर आईजी बद्रीनारायण मीणा से संर्पक करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हाे पाया।

Tags: