सुबह उठते ही कमर में तेज दर्द और जकड़न होना एक आम समस्या बनती जा रही है, जो कई बार हमारी गलत जीवनशैली और रीढ़ की हड्डी से जुड़ी अंदरूनी परेशानियों की ओर इशारा करती है। रातभर एक ही स्थिति में लेटे रहने, खराब मेट्रेस (गद्दे) का इस्तेमाल करने या मांसपेशियों में कमजोरी के कारण स्पाइन पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे सुबह सोकर उठते वक्त उठना तक मुश्किल हो जाता है। इसके अलावा, स्लिप डिस्क, सियाटिका या एंकिलॉजिंग स्पोंडिलाइटिस जैसी गंभीर समस्याएं भी मॉर्निंग बैक पेन का मुख्य कारण हो सकती हैं, जिनमें आराम करने के बाद भी जकड़न बढ़ जाती है।
इस समस्या से राहत पाने और अपनी स्पाइन को स्वस्थ रखने के लिए कुछ जरूरी बदलाव अपनी दिनचर्या में शामिल करने चाहिए, जैसे कि आरामदायक और ऑर्थोपेडिक गद्दे का इस्तेमाल करना, सुबह उठने से पहले बिस्तर पर ही हल्के स्ट्रेचिंग व्यायाम करना और लंबे समय तक एक ही जगह पर झुककर बैठने से बचना। अगर यह दर्द लगातार बना रहता है या पैरों तक फैलता है, तो किसी अच्छे ऑर्थोपेडिक डॉक्टर या फिजियोथेरेपिस्ट से सलाह लेकर तुरंत सही जांच और इलाज करवाना चाहिए।