रायपुर, 20 अगस्त 2026
श्रम विभाग द्वारा विभागीय कार्यों में दक्षता, जवाबदेही और सेवा भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फ्रंटलाइन वर्कर्स के लिए दो दिवसीय ‘कर्मयोगी कर्तव्य प्रशिक्षण कार्यक्रम’ का आयोजन किया जा रहा है। श्रमायुक्त एवं श्रम विभाग के सचिव श्री हिम शिखर गुप्ता के निर्देशानुसार आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 20 अगस्त से इंद्रावती भवन के सभाकक्ष में प्रारंभ हुआ।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस विभाग के 40 अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान उन्हें विभागीय दायित्वों का प्रभावी, सतत, समयबद्ध और निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। प्रथम दिवस का प्रशिक्षण मुख्य प्रशिक्षक श्री डी. पी. तिवारी, उप श्रम आयुक्त एवं श्री दिव्यांश सिन्हा, सहायक संचालक, श्रम विभाग द्वारा प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा, सत्यनिष्ठा, जवाबदेही और सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशिक्षकों ने विभागीय कार्यों में निरंतर उत्कृष्टता, समयबद्धता तथा आमजन के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि फ्रंटलाइन वर्कर्स शासन की योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके कार्यों में दक्षता, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का होना सुशासन को मजबूत करने में सहायक है।
‘कर्मयोगी कर्तव्य प्रशिक्षण कार्यक्रम’ का उद्देश्य
विभाग के फ्रंटलाइन वर्कर्स में कर्मयोगी भावना विकसित करते हुए कार्य के प्रति प्रतिबद्धता, जिम्मेदारी और आंतरिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देना है। प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों को जनसेवा की भावना के साथ प्रभावी ढंग से निभाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।