मुख्यमंत्री के निर्देश पर सीजीपीएससी ने सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 की संशोधित तिथियां की घोषित
Posted on:
2026-08-11
मुख्यमंत्री के निर्देश पर सीजीपीएससी ने सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 की संशोधित तिथियां की घोषित
रायपुर, 11 अगस्त। छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती परीक्षा और पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की तारीख एक ही दिन पड़ने से अभ्यर्थियों के सामने असमंजस की स्थिति पैदा हो गई थी। इस मामले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संज्ञान लेते हुए पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की तारीख में बदलाव के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री साय के निर्देश पर सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा अब 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को आयोजित होगी।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया गया था। इसके साथ ही मुख्य परीक्षा के आयोजन के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 की संभावित तिथियां निर्धारित की गई थीं। इसी दौरान 25 अक्टूबर 2026 को शिक्षक भर्ती परीक्षा भी आयोजित होने वाली थी। इससे दोनों परीक्षाओं की तिथियों में टकराव की स्थिति बन गई थी। दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के सामने किसी एक परीक्षा से वंचित होने की आशंका उत्पन्न हो गई थी। ऐसे में उन्हें किसी एक परीक्षा का विकल्प चुनने की स्थिति का सामना करना पड़ रहा था। अभ्यर्थियों की इस परेशानी को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मामले का संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा का संशोधित कार्यक्रम बीती शाम जारी कर दिया गया है। पहले यह परीक्षा 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित थी। अब इसे बदलकर 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर अवसर मिलना सरकार की प्राथमिकता है। परीक्षा की तारीखों में टकराव के कारण किसी योग्य अभ्यर्थी को परीक्षा से वंचित न होना पड़े, इसी उद्देश्य से पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की तिथियों में संशोधन किया गया है। सरकार के इस फैसले के बाद अभ्यर्थियों को दोनों परीक्षाओं में शामिल होने का अवसर मिल सकेगा।