IMG-LOGO

शिवम नायर की अगली फिल्म में जॉन अब्राहम की एंट्री

Posted on: 2026-08-08
IMG
शिवम नायर की अगली फिल्म में जॉन अब्राहम की एंट्री

\'द डिप्लोमैट\' की सफलता के बाद अभिनेता जॉन अब्राहम और निर्देशक शिवम नायर एक बार फिर साथ काम करने जा रहे हैं। दोनों की जोड़ी अब एक बड़े टू-हीरो एक्शन थ्रिलर के लिए हाथ मिला रही है। फिल्म में जबरदस्त एक्शन और रोमांच देखने को मिलेगा। हालांकि, प्रोजेक्ट की कहानी और दूसरे मुख्य अभिनेता के नाम को फिलहाल गोपनीय रखा गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, जॉन को फिल्म का कॉन्सेप्ट पसंद आया और उन्होंने तुरंत इस प्रोजेक्ट के लिए हामी भर दी। निर्माता इस साल के अंत तक शूटिंग शुरू करने और 2027 के अंत तक फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी में हैं।

जॉन और शिवम नायर की पिछली फिल्म \'द डिप्लोमैट\' को दर्शकों और समीक्षकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। फिल्म में जॉन ने भारतीय राजनयिक जेपी सिंह का किरदार निभाया था, जिसके लिए उनके गंभीर और दमदार अभिनय की काफी तारीफ हुई। फिल्म की कहानी एक भारतीय लड़की को पाकिस्तान से वापस लाने के प्रयासों पर आधारित थी। \'द डिप्लोमैट\' की सफलता के बाद से ही जॉन और शिवम नायर एक नए प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा कर रहे थे और आखिरकार इस एक्शन थ्रिलर को फाइनल किया गया। बताया जा रहा है कि यह शिवम नायर के करियर का अब तक का सबसे बड़ा कमर्शियल प्रोजेक्ट होगा। निर्देशक \'नाम शबाना\', \'स्पेशल ऑप्स\' और \'मुखबिर\' जैसे प्रोजेक्ट्स के लिए जाने जाते हैं।

वहीं, जॉन अब्राहम के पास पहले से कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। वह भाव धुलिया के निर्देशन में बन रही \'फोर्स 3\' में हर्षवर्धन राणे के साथ नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग अंतिम चरण में बताई जा रही है और इसकी रिलीज 19 मार्च 2027 को प्रस्तावित है। इसके अलावा जॉन, रोहित शेट्टी की \'आईपीएस मारिया\' में भी दिखाई देंगे, जो पूर्व मुंबई पुलिस कमिश्नर राकेश मारिया के जीवन से प्रेरित है। यह फिल्म इस साल के अंत में रिलीज होने की उम्मीद है। ऐसे में शिवम नायर के साथ जॉन की नई एक्शन थ्रिलर उनके व्यस्त लाइनअप में एक और बड़ा प्रोजेक्ट जोड़ने जा रही है।

Tags: