सरकार ने भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) के 10 और 20 रुपये के पॉलीमर नोट जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। लोकसभा में लिखित जवाब में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने बताया कि RBI ने सरकार को 10 और 20 रुपये के एक-एक अरब पॉलीमर नोटों के परीक्षण के लिए प्रस्ताव भेजा था। उन्होंने कहा कि परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद इन दोनों मूल्यवर्गों के पॉलीमर नोटों का नियमित निर्गमन किया जाएगा।
मंत्री जी ने बताया कि आरबीआई ने जानकारी दी है कि अंतरराष्ट्रीय अध्ययनों के अनुसार, पॉलिमर नोटों का जीवनकाल कागजी नोटों की तुलना में काफी अधिक होता है। श्री चौधरी ने आगे कहा कि पॉलिमर नोटों को प्रचलन में लाने की प्रक्रिया अभी प्रारंभिक चरण में है और डिजिटल भुगतान पर इसका प्रभाव नियमित रूप से जारी होने के बाद ही पता चल सकेगा। उन्होंने कहा कि आरबीआई के अनुसार, पॉलिमर नोटों को कागजी नोटों के साथ ही जारी करने का प्रस्ताव है और कागजी मुद्रा को पॉलिमर नोटों से बदलने का कोई प्रस्ताव नहीं है।