IMG-LOGO

बस्तर में आरटीई के 254 सीटों पर प्रवेश हेतु पांच अगस्त तक आवेदन आमंत्रित

Posted on: 2026-07-25
IMG
बस्तर में आरटीई के 254 सीटों पर प्रवेश हेतु पांच अगस्त तक आवेदन आमंत्रित

जगदलपुर, 25 जुलाई  लोक शिक्षण संचालनालय नवा रायपुर द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में निशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए निजी विद्यालयों की प्रथम कक्षा यथा पहली में प्रवेश हेतु प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है।

बस्तर जिले के जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा तृतीय एवं अंतिम चरण की प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे पूर्व संचालित प्रथम एवं द्वितीय चरण की ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से बस्तर जिले की कुल 388 निर्धारित आरटीई सीटों में से 134 छात्र-छात्राओं का चयन कर उनका स्कूलों मे दाखिला कराया जा चुका है। इसके उपरांत वर्तमान में जिले में 254 सीटें रिक्त शेष हैं, जिन्हें भरने के लिए विभाग द्वारा पालकों से ऑनलाइन आवेदन 05 अगस्त तक आमंत्रित किए गए हैं।

उक्त प्रवेश प्रक्रिया के लिए समय-सारणी के अनुसार अभिभावक आगामी 05 अगस्त तक आरटीई के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से कक्षा पहली में निशुल्क प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन एवं आवश्यक संशोधन कर सकते हैं। इसके बाद 07 अगस्त तक नोडल प्राचार्यों द्वारा प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। तत्पश्चात 10 अगस्त से 14 अगस्त के मध्य ऑनलाइन लॉटरी एवं काउंसलिंग के माध्यम से चयनित बच्चों की सूची जारी होगी, जिसके आधार पर 17 अगस्त से 25 अगस्त के बीच संबंधित निजी विद्यालयों में दाखिला सुनिश्चित किया जाएगा।

शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिन बच्चों का प्रवेश पूर्व के चरणों में हो चुका है, वे इस चरण के लिए पात्र नहीं होंगे। शासन के सख्त निर्देशों के तहत यह पूरी प्रवेश प्रक्रिया 27 अगस्त से पूर्व अनिवार्य रूप से संपन्न कर ली जाएगी, ताकि किसी भी पात्र बच्चे को शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहना पड़े। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा क्षेत्र के सभी पात्र अभिभावकों से समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की गई है।

Tags: