बारिश का मौसम आते ही गरमा-गरम चाय और कुरकुरे पकौड़ों की याद आना स्वाभाविक है। हल्की ठंडी हवाओं और बारिश की बूंदों के बीच अगर प्लेट में गर्मागर्म पकौड़े मिल जाएं तो मौसम का मजा दोगुना हो जाता है। खासकर प्याज के पकौड़े यानी भजिया लोगों की पसंदीदा डिश में शामिल हैं।आमतौर पर लोग प्याज के पकौड़े बनाते हैं, लेकिन अगर इसमें थोड़ा बदलाव कर दिया जाए तो इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है। प्याज के हरे पकौड़े न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होते हैं, बल्कि इनमें डाला गया मसाला इन्हें और भी चटपटा और कुरकुरा बना देता है। बारिश के मौसम में यह रेसिपी परिवार और दोस्तों के साथ शाम की चाय के लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है। प्याज के हरे पकौड़ों की खासियत प्याज के पकौड़ों में जब हरी सब्जियों और मसालों का इस्तेमाल किया जाता है तो इनका स्वाद सामान्य पकौड़ों से अलग हो जाता है।
अंदर से नरम और बाहर से कुरकुरे ये पकौड़े खाने में बेहद स्वादिष्ट लगते हैं। इसमें प्याज की मिठास, मसालों का स्वाद और हरी सब्जियों की ताजगी मिलकर इसे खास बना देती है। प्याज के पकौड़े बनाने के लिए जरूरी सामग्री कुरकुरे और स्वादिष्ट प्याज के हरे पकौड़े बनाने के लिए आपको कुछ आसान सामग्री की जरूरत होगी। प्याज – 4 से 5 थोड़ा सा पालक बारीक कटा हुआ हरा धनिया हरी मिर्च अदरक-लहसुन और हरी मिर्च का पेस्ट – 1 चम्मच अजवाइन – आधा चम्मच कुटा हुआ साबुत धनिया – आधा चम्मच कुटी हुई लाल मिर्च – 1 चम्मच जीरा – 1 चम्मच हल्दी पाउडर – आधा चम्मच हींग – 1 चुटकी स्वादानुसार नमक बेसन जरूरत के अनुसार ऐसे तैयार करें स्वादिष्ट प्याज के हरे पकौड़े सबसे पहले प्याज को लंबा-लंबा काट लें और एक बड़े बर्तन में डालें। इसमें थोड़ा नमक मिलाकर कुछ देर के लिए रख दें, जिससे प्याज अपना पानी छोड़ दे। इसके बाद इसमें बारीक कटा पालक, हरा धनिया, हरी मिर्च और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें।
अब इसमें अजवाइन, कुटा हुआ धनिया, लाल मिर्च, जीरा, हल्दी, हींग और स्वादानुसार नमक मिलाएं। सभी मसालों को अच्छी तरह मिलाने के बाद इसमें बेसन डालें। ध्यान रखें कि बेसन की मात्रा इतनी हो कि मिश्रण अच्छी तरह बंध जाए। जरूरत पड़ने पर थोड़ा पानी मिलाया जा सकता है। कड़ाही में तेल गर्म करें। तेल अच्छी तरह गर्म होने के बाद तैयार मिश्रण के छोटे-छोटे पकौड़े बनाकर डालें। इन्हें मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। तेज आंच पर तलने से पकौड़े बाहर से जल्दी रंग पकड़ लेंगे, लेकिन अंदर से कच्चे रह सकते हैं। तैयार कुरकुरे प्याज के हरे पकौड़ों को गर्मागर्म चाय, हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ परोसें।
बारिश में बढ़ जाता है स्वाद बारिश के मौसम में पकौड़ों का स्वाद इसलिए भी खास हो जाता है क्योंकि मौसम ठंडा होता है और गर्म, मसालेदार खाने की इच्छा बढ़ जाती है। प्याज के हरे पकौड़े कम समय में तैयार होने वाली ऐसी रेसिपी है, जिसे घर में मौजूद सामान्य सामग्री से आसानी से बनाया जा सकता है। अगर आप इस मानसून में कुछ नया और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं तो एक बार प्याज के हरे पकौड़े जरूर ट्राई करें। इसका कुरकुरा स्वाद और मसालेदार अंदाज आपको बार-बार बनाने के लिए मजबूर कर सकता है।