बलरामपुर, 19 जून । केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘विकास के विश्वास’ जनकल्याण कार्यक्रम के तहत विकासखंड शंकरगढ़ में शुक्रवार से तीन दिवसीय पंजीकरण शिविर का शुभारंभ हुआ। जनपद पंचायत सभाकक्ष शंकरगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आम नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए आवेदन एवं पंजीयन की प्रक्रिया संचालित की गई।
शिविर के प्रथम दिवस महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महतारी वंदन योजना के ई-केवाईसी के 9 तथा आधार कार्ड संबंधी 15 आवेदन प्राप्त किए गए। कृषि विभाग ने एग्रीस्टेक पंजीयन के लिए 40 किसानों का पंजीयन किया, जबकि राजस्व विभाग को आय प्रमाण-पत्र के 4, निवास प्रमाण-पत्र के 3, जाति प्रमाण-पत्र के 2 तथा नामांतरण का 1 आवेदन प्राप्त हुआ। श्रम विभाग द्वारा श्रम पंजीयन के 4 आवेदन दर्ज किए गए।
इसी प्रकार समाज कल्याण विभाग को सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 2 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को नवीन राशन कार्ड तथा सदस्य जोड़ने संबंधी 9 आवेदन मिले। शिविर के दौरान कृषि विभाग द्वारा प्राप्त सभी 40 एग्रीस्टेक पंजीयन तथा श्रम विभाग के 4 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे शिविरों के माध्यम से आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे लोगों को सुविधा मिल रही है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए सभी विभागों को संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष प्रियंवदा सिंह, अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।