कुल्लू। मैदानी इलाकों में पारा चढ़ते ही हिमालयी वादियों की ठंडक फिर लोगों को अपनी ओर खींचने लगी है। वीकेंड शुरू होते ही पर्यटन नगरी में सैलानियों की रौनक लौट आई। शुक्रवार शाम से ही बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटक वाहनों की संख्या बढऩे लगी। जिससे पूरा मनाली क्षेत्र एक बार फिर पर्यटन गतिविधियों से गुलजार हो उठा। सुबह होते ही सोलंगनाला, अटल टनल और लाहुल-घाटी की ओर जाने वाले मार्गों पर पर्यटकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
कई पर्यटक बर्फीली चोटियों के बीच ठंडी हवाओं का आनंद लेते नजर आए तो कुछ परिवार पहाड़ों के बीच सुकून भरे वीकेंड का अनुभव लेने पहुंचे। सेल्फी प्वाइंट और कैफे पर्यटकों से भरे दिखाई दिए। जबकि स्थानीय बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई। पर्यटन कारोबारियों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से मौसम सुहावना बना हुआ है, जिसका असर अब पर्यटकों की आमद पर साफ दिखाई देने लगा है।
होटल और होम-स्टे संचालकों का कहना है कि वीकेंड के लिए कई स्थानों पर पहले से ही बुकिंग हो चुकी थी। टैक्सी ऑपरेटरों और एडवेंचर गतिविधियों से जुड़े लोगों के कारोबार में भी तेजी आई है। स्थानीय कारोबारियों की माने तो इस बार गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। खास बात यह है कि अब केवल छुट्टियां मनाने वाले ही नहीं बल्कि युवा वर्ग और वर्क फ्रॉम माउंटेन करने वाले लोग भी मनाली की शांत वादियों को पसंद कर रहे हैं। इस बार निचले इलाकों में गर्मी काफी बढ़ी है। ऐसे में कुल्लू-मनाली की ही घूमने के लिए सभी की पंसद बना हुआ है।