काेरबा, 22 मई । कोतवाली थाना अंतर्गत मानिकपुर चौकी पुलिस ने रेलवे कॉलोनी झोपड़ी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक दुकान से भारी मात्रा में अवैध पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस ने शुक्रवार काे मामले में आरोपित लोचन प्रसाद केशरवानी उर्फ कर्रा (48 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे कॉलोनी झोपड़ी इलाके में बिना लाइसेंस बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण कर बिक्री की जा रही है। बताया गया कि आरोपी शादी, पार्टी और अन्य आयोजनों में इन पटाखों को ऊंचे दामों पर बेच रहा था। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस ने मौके पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान दुकान से कार्टून और बोरियों में भरे भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से करीब 15 प्रकार के पटाखे जब्त किए हैं। इनमें स्काई शॉट, टाइगर बम, मिर्ची फटाका, रेड बुश स्काई शॉट, लाड़ी, रोसा लारी, लहसून फटाका, करोना बम और माचिस फटाका सहित अन्य विस्फोटक सामग्री शामिल है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के पास पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस नहीं था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि जिले में अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री और पटाखों का भंडारण करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिना लाइसेंस पटाखों का संग्रहण और बिक्री कानूनन अपराध है तथा इससे आम लोगों की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न होता है। एसपी ने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में अवैध पटाखा गोदाम कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से अवैध पटाखा भंडारण या बिक्री की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।