कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि भारत ने कृषि उत्पादन बढ़ाकर, खाद्य सुरक्षा को मजबूत करके और लाखों किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाकर दुनिया के सामने एक नया मॉडल पेश किया है।
रोम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) एग्रीकोला मेडल से सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्री चौहान ने कहा कि यह सम्मान नए भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विश्व भारत की नीतियों, नेतृत्व और मानवीय दृष्टिकोण को सम्मान की दृष्टि से देखता है। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार देश के मेहनती किसानों के परिश्रम का जीता-जागता प्रमाण है। मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार ने कोविड महामारी के बाद से लगभग 80 करोड़ लोगों को विश्व का सबसे बड़ा खाद्य सुरक्षा कवच प्रदान किया है और पीएम किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से लाखों किसानों को सहायता प्रदान की है।