IMG-LOGO

बलरामपुर : गढ़वा से अंबिकापुर ले जाई जा रही नशीले इंजेक्शन की खेप जब्त, एक आरोपित गिरफ्तार

Posted on: 2026-05-18
IMG
बलरामपुर : गढ़वा से अंबिकापुर ले जाई जा रही नशीले इंजेक्शन की खेप जब्त, एक आरोपित गिरफ्तार

बलरामपुर, 18 मई। बलरामपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध नशीले इंजेक्शन के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित इंजेक्शन जब्त करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपित फरार बताया जा रहा है।पुलिस के द्वारा आज सोमवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, थाना कोतवाली बलरामपुर में अपराध क्रमांक 81/2026 के तहत धारा 21(बी) एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान राहुल गुप्ता (25 वर्ष) निवासी ग्राम नर्मदापुर थाना कमलेश्वरपुर जिला सरगुजा के रूप में हुई है।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि, 17 मई की रात करीब 1 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक मोटरसाइकिल से झारखण्ड के गढ़वा से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन लेकर छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जांच अभियान चलाया।इस दौरान रामानुजगंज की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेज गति से भगाकर फरार होने लगा। पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर एक आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला, जबकि दूसरे युवक को मोटरसाइकिल और संदिग्ध सामग्री के साथ पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपित के कब्जे से 481 ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन एवं 504 फेनिरामिन मेलिएट इंजेक्शन बरामद किए गए। पुलिस ने सभी इंजेक्शन जब्त कर आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई की।पुलिस ने आरोपित राहुल गुप्ता को आज साेमवार काे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं मामले में फरार अन्य आरोपिताें की तलाश जारी है।

Tags: