IMG-LOGO

परीक्षा देने जा रही छात्रा को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, पैर टूटा

Posted on: 2026-05-16
IMG
परीक्षा देने जा रही छात्रा को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, पैर टूटा

बिहरा। संसारीपुर से पैकोलिया मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें परीक्षा देने जा रही एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा तब हुआ जब एक अज्ञात तेज रफ्तार पल्सर बाइक ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे छात्रा का पैर टूट गया। जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के महुआ मिश्र निवासी छात्रा शिवांगी अपनी स्कूटी से परीक्षा देने के लिए जा रही थी। जैसे ही वह संसारीपुर मार्ग पर देसी दारू ठेका के सामने पहुंची, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्रा सड़क पर गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद के लिए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हरैया ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया और जांच के दौरान पाया कि छात्रा का पैर टूट गया है और उसकी हालत गंभीर है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों को घटना की जानकारी मिलने पर वे भी अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार काफी तेज गति से आ रहा था और टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों ने सड़क पर बढ़ते तेज रफ्तार वाहनों और लापरवाह ड्राइविंग पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है और अज्ञात बाइक सवार की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी चालक की पहचान की जा सके।


Tags: