गरियाबंद । छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा 21 मई 2026, गुरुवार को आयोजित परीक्षा के लिए जिला मुख्यालय गरियाबंद में कुल 265 परीक्षार्थी शामिल होंगे। व्यापम को प्राप्त ऑनलाइन आवेदन के अनुसार जिले में परीक्षा संचालन के लिए शासकीय वीर सुरेन्द्रसाय महाविद्यालय को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है।
कलेक्टर बीएस उइके ने परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर सुश्री नेहा भेड़िया को नोडल अधिकारी तथा सहायक अधीक्षक चैतराम कोडप्पा को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही तीन सदस्यीय जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल का भी गठन किया गया है। परीक्षार्थियों से कहा गया है कि वे अपना प्रवेश पत्र इंटरनेट से डाउनलोड कर साथ लाएं तथा पहचान सत्यापन के लिए वोटर आईडी, आधार कार्ड, ई-आधार, पेनकार्ड अथवा ड्राइविंग लाइसेंस की मूल प्रति साथ रखें। मूल पहचान पत्र के अभाव में परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षा प्रातः 10ः00 बजे से दोपहर 1ः15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार सुबह 9ः30 बजे बंद कर दिया जाएगा। जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पूर्व केन्द्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं ताकि फ्रिस्किंग एवं पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जा सके। व्यापम द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा केन्द्र पहुंचना होगा। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी एवं गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना प्रतिबंधित रहेगा। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना होगा।
परीक्षा केन्द्र में मोबाइल, कैलकुलेटर, डिजिटल घड़ी, संचार उपकरण, पर्स, पाउच, बेल्ट, स्कार्फ, टोपी तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। अभ्यर्थियों को केवल काले अथवा नीले बॉल प्वाइंट पेन के साथ परीक्षा केन्द्र आने की अनुमति होगी। परीक्षा में अनुचित साधनों का उपयोग करने पर अभ्यर्थिता समाप्त करने सहित कठोर कार्रवाई की जाएगी।