कोरबा, 09 मई । कोरबा जिले के करतला वनमंडल अंतर्गत ग्राम पीडिया के समीप जंगल में तेंदूपत्ता संग्रहण के दौरान दो ग्रामीणों पर भालुओं ने हमला कर दिया। घटना में एक किशोरी समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए भालुओं को जंगल की ओर खदेड़ा और घायलों को उपचार के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार ग्राम पीडिया निवासी कन्हैयालाल राठिया (45) और किरण राठिया (15) शनिवार दोपहर जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गए थे। इसी दौरान अचानक वहां दो भालू पहुंच गए और दोनों पर हमला कर दिया। घायल कन्हैयालाल ने बताया कि उनके शोर मचाने पर एक भालू जंगल की ओर भाग गया, जबकि दूसरा पास में तेंदूपत्ता तोड़ रही किशोरी किरण पर झपट पड़ा।
चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद भालू को जंगल की ओर खदेड़ा। घटना के बाद तत्काल शासकीय एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन समय पर वाहन नहीं पहुंच सका। इसके चलते ग्रामीणों ने निजी वाहन की मदद से दोनों घायलों को बाहर निकाला। बाद में एंबुलेंस के जरिए उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों का उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि तेंदूपत्ता सीजन शुरू होने के दूसरे ही दिन इस तरह की बड़ी घटना सामने आने से वनांचल क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा तेंदूपत्ता संग्रहण के दौरान वनकर्मियों की निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायलों का हालचाल जाना। विभाग की ओर से तत्काल राहत सहायता के रूप में दोनों घायलों को 500-500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
करतला वनमंडल की डीएफओ प्रेमलता यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। घायलों का उपचार कराया जा रहा है तथा वन क्षेत्र में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता संग्रहण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाई जाएगी।