IMG-LOGO

वार्ड हेलेट इनविटेशनल टूर्नामेंट: पुरुष हाई जंप में दूसरे स्थान पर रहे तेजस्विन शंकर

Posted on: 2026-05-09
IMG

नई दिल्ली, 09 मई । भारत के राष्ट्रीय हाई जंप रिकॉर्डधारी तेजस्विन शंकर ने अमेरिका के मैनहैटन स्थित आरवी क्रिश्चियन ट्रैक पर आयोजित वार्ड हेलेट इनविटेशनल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष हाई जंप स्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल किया।

डेकाथलॉन खिलाड़ी भी रहे तेजस्विन शंकर ने 2.24 मीटर की छलांग लगाई। हालांकि जमैका के रोमेइन बेकफोर्ड 2.30 मीटर की छलांग के साथ पहले स्थान पर रहे।

खास बात यह रही कि रोमेइन बेकफोर्ड ने तेजस्विन शंकर का 2021 में बनाया गया 2.28 मीटर का फसिलिटी रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।

इस साल की शुरुआत में तेजस्विन शंकर ने चीन में आयोजित एशियाई इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में हेप्टाथलॉन राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ते हुए भारत को एकमात्र स्वर्ण पदक दिलाया था। उन्होंने 5993 अंक हासिल कर अपना ही 2021 में अमेरिका में बनाया गया 5650 अंकों का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बेहतर किया था।

वार्ड हेलेट इनविटेशनल में शानदार प्रदर्शन के तुरंत बाद रिलायंस फाउंडेशन स्पोर्ट्स ने सोशल मीडिया के जरिए घोषणा की कि उन्होंने एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता तेजस्विन शंकर को अपने साथ जोड़ा है।

Tags: