सर्वोच्च न्यायालय ने आज एक महिला वकील पर उसके पति द्वारा किए गए क्रूर हमले के मामले में स्वतः संज्ञान लिया और तीन अस्पतालों द्वारा आपातकालीन उपचार से इनकार किए जाने के आरोप की जांच के आदेश दिए। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जयमाल्य बागची की पीठ ने यह कार्रवाई कड़कड़डूमा अदालत में वकील स्नेहा कलिता द्वारा हमले के संबंध में लिखे गए पत्र पर की है।
पीड़िता को चोटें आईं हैं और उसे कई अस्पतालों में ले जाया गया, जहां उसे भर्ती करने से कथित तौर पर इनकार कर दिया गया। बाद में अखिल भारतीय आर्युविज्ञान संस्थान (एम्स) में उसका इलाज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इलाज करने से इनकार किए जाने पर चिंता व्यक्त करते हुए, पीठ ने जांच अधिकारी को स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। अदालत ने पुलिस को दंपति के दो लापता बच्चों का पता लगाने का भी आदेश दिया और कहा कि सबसे बड़ा बच्चा नाना-नानी के साथ रहेगा। अदालत ने राष्ट्रीय कानूनी सेवा प्राधिकरण को पीड़िता को अंतरिम वित्तीय सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया। पीड़िता की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।