IMG-LOGO

शिक्षा का अधिकार योजना से बच्चों को मिल रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा

Posted on: 2026-04-17
IMG
शिक्षा का अधिकार योजना से बच्चों को मिल रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा

गरियाबंद । शासन की महती योजना शिक्षा का अधिकार के अंतर्गत राजिम स्थित दावरा इंटरनेशनल स्कूल में आर्थिक रूप से कमजोर एवं सामान्य परिवारों के बच्चों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है। इस योजना के माध्यम से बच्चों को समानता के साथ पढ़ने, आगे बढ़ने और अपने भविष्य को संवारने का सुनहरा अवसर मिल रहा है। लक्षित सोनकर जो वर्तमान में यूकेजी कक्षा में अध्ययनरत हैं। प्रवेश पिछले वर्ष शिक्षा का अधिकार के तहत हुआ था। उनका चयन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया गया। जिसे उनके परिवार के लिए गर्व कर रहे है। वे नियमित रूप से अध्ययन कर रहे हैं और विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।

इसी तरह छात्रा मेघा राजपूत जिनका प्रवेश वर्ष 2020 में इसी योजना के तहत हुआ था, विगत 5 वर्षों से निरंतर अध्ययनरत हैं और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय में अपनी पहचान बना रही हैं। लक्षित की माता श्रीमती विजेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि शासन की इस पहल से उनके पुत्र को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा मिल रही है। स्कूल में अन्य बच्चों की तरह समान अवसर मिलते हैं और खेलकूद सहित अन्य गतिविधियों में भी उसे शामिल किया जाता है।

छात्रा मेघा राजपूत की माता श्रीमती रोशनी राजपूत ने भावुक होकर कहती है कि हम जैसे सामान्य परिवारों के लिए यह योजना किसी वरदान से कम नहीं है। पहले अच्छे निजी स्कूल में पढ़ाना हमारे लिए संभव नहीं था, लेकिन आज मेरी बेटी पिछले 5 वर्षों से यहां पढ़ रही है और हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। उसे समानता, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य की दिशा मिल रही है। उन्होंने बताया कि आरटीई के अंतर्गत प्रवेश के लिए आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र आदि दस्तावेजों के साथ आवेदन करना होता है तथा पात्र बच्चों का चयन लॉटरी प्रणाली से किया जाता है।

योजना के तहत बच्चों को निःशुल्क शिक्षा, प्रवेश शुल्क से छूट, गणवेश, पाठ्यपुस्तकें एवं अन्य अध्ययन सामग्री प्रदान की जाती है। साथ ही, बच्चों को अन्य विद्यार्थियों के समान कक्षा, शिक्षक एवं सभी गतिविधियों में बराबरी का अवसर मिलता है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होता है। यह योजना अभिभावकों पर आर्थिक बोझ कम करने के साथ-साथ बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव भी मजबूत कर रही है। दोनों अभिभावकों ने इस जनहितकारी योजना के लिए मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल समाज के कमजोर वर्ग के बच्चों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Tags: