IMG-LOGO

एनएसयूआई की बैठक में संगठन विस्तार पर जोर

Posted on: 2026-03-09
IMG
एनएसयूआई की बैठक में संगठन विस्तार पर जोर

धमतरी, 09 मार्च । भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) जिला धमतरी के जिलाध्यक्ष राजा देवांगन के नेतृत्व में सोमवार को कुरुद में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, नए छात्रों को जोड़ने और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष की रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजा देवांगन ने कहा कि एनएसयूआई की छात्र हितैषी कार्यप्रणाली से प्रभावित होकर जिले भर के छात्र-छात्राएं लगातार संगठन की सदस्यता ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए लगातार विभिन्न कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों में दौरा कर युवाओं को जोड़ा जा रहा है। इससे एनएसयूआई को नई ऊर्जा और मजबूती मिल रही है। इस दौरान संगठन को गति देने के उद्देश्य से कुरुद ब्लॉक और विभिन्न कॉलेजों के लिए नई कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई। इसके तहत जागेन्द्र सिंह को कुरुद ब्लॉक अध्यक्ष, होमेन्द्र साहू को ब्लॉक उपाध्यक्ष बनाया गया। वहीं संत गुरु घासीदास शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुरुद का अध्यक्ष ऋषभ बंजारे, दाऊ कल्याण सिंह सोनवानी महाविद्यालय जिजामगांव का अध्यक्ष युगल बैस तथा कुरुद ब्लॉक स्कूल यूनिट का अध्यक्ष अजय दीवान को नियुक्त किया गया।

बैठक में मुख्य रूप से जिला महासचिव तेजप्रताप साहू, जिला सचिव सुदीप सिन्हा, भखारा ब्लॉक अध्यक्ष सौरभ पाल, मगरलोड ब्लॉक अध्यक्ष सूरज सिन्हा तथा कुरुद विधानसभा उपाध्यक्ष यश चंद्राकर की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अलावा नवीन साहू, आदित्य साहू, रोहन साहू, विनय दीवान, ललित यादव, चित्रांश पटेला, ड्रोन बघेल, हिमांशु साहू सहित बड़ी संख्या में एनएसयूआई के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Tags: